Aapka Rajasthan

Jaipur गौरांग महाप्रभु की जयंती पर गूंजी बधाइयां, किया संकीर्तन

 
Jaipur गौरांग महाप्रभु की जयंती पर गूंजी बधाइयां, किया संकीर्तन

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर माध्व गौड़ेश्वर मंडल की ओर से मनाया जा रहा गौरांग महाप्रभु का 538वां जन्म महामहोत्सव-2024 धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। जनता कॉलोनी में बधाईगान-संकीर्तन और उछाल की त्रिवेणी प्रवाहित हुई। साथ ही, त्रिपोलिया बाजार में आतिश मार्केट गेट के सामने स्थित विनोदीलालजी मंदिर में बधाई गान और संकीर्तन हुआ। गुरुवार को माध्व गौड़ेश्वर संप्रदायाचार्य वासुदेव गोस्वामी महाराज जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम सात बजे से चौड़ा रास्ता स्थित राधादामोदर मंदिर में होगा। पांच अप्रेल को चौड़ा रास्ता स्थित द्वारकाधीश मंदिर में बधाईगान और संकीर्तन होगा।

छह अप्रेल को शाम सात बजे गोविंद देवजी मंदिर में अधिवास कीर्तन होगा। रविवार सात अप्रेल को शाम चार बजे गोविंद देवजी मंदिर से चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर मंदिर तक गाजेबाजे के साथ नगर संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में महाप्रभुजी मंदिर, गौरांग प्रभु नित्यानंद महाप्रभु और षट्भुज महाप्रभु की झांकी सजाई जाएगी। इसके साथ ही तीन कीर्तन मंडली अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। शोभायात्रा शाम पांच बजे से रवाना होगी। कई संत महंत भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की स्वयंसेवी संस्था महर्षि गौतम समाज जागृति संस्था की ओर से नौ अप्रेल को गौतम जयन्ती के मौके पर संस्था का रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक राजेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि शाम 6 बजे विद्याधरनगर स्थित केसर कुंज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान संस्था की स्थापना से आज तक की यात्रा का विस्तृत चित्रण किया जाएगा। संतों के सान्निध्य में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा।