Aapka Rajasthan

Jaipur में बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के साथ की लूटपाट, केस दर्ज

 
Jaipur में बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के साथ की लूटपाट, केस दर्ज 

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर के शिप्रापथ थाना इलाके में बुजुर्ग महिला को तीन बदमाशों ने निशाना बनाते हुए चेन तोड़ ली। घटना महारानी फॉर्म के पास स्थित रामेश्वर मंदिर के सामने की हैं। पीड़िता अपने पति के साथ सुबह करीब साढ़े 8 बजे मंदिर से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर आए तीन बदमाशों ने महिला की चेन तोड़ी और मौके से भाग निकले। पीड़िता की शिकायत पर शिप्रापथ थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की हैं। शिप्रापथ थाने के सीआई अमित कुमार शर्मा ने बताया- 7 जुलाई को सुबह करीब साढ़े 8 बजे के विमला जैन(63) अपने पति के गौतम जैन के साथ घर लौट रही थी। बुजुर्ग महिला विश्वकर्मा नगर महारानी फार्म में रहती हैं।

इलाके में स्थित रामेश्वर मंदिर के पास से दोनों पति-पत्नी निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश इनके पास से निकले। विमला जैन के गले से सोने की चेन तोड़ ले गए। विमला जैन को जैसे ही चेन टूटने का आभास हुआ वह चिल्लाई, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। हालांकि शोर सुनकर कुछ लोगों ने बाइक से बदमाशों का पीछा किया लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।पीड़िता ने उसी समय पुलिस कंट्रोल रूम को अपने साथ हुई लूट की जानकारी दी। इस पर शिप्रा पथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है।

कार सवार महिला से लूट के आरोपी नहीं पकड़े गए

शिप्रापथ थाना इलाके में कार सवार एक महिला के साथ लूट करने वाले तीन बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। एसएफएस में हुई इस लूट के दौरान महिला के साथ उसका 7 साल का लड़का भी मौजूद था। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी पुलिस तीनों बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी। बुजुर्ग महिला से वारदात करने वाले भी बाइक सवार तीन ही बदमाश थे।