Aapka Rajasthan

Jaipur भगवान विमलनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव पर दिगंबर जैन मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन

 
Jaipur भगवान विमलनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव पर दिगंबर जैन मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर जैन बंधुओं द्वारा मंगलवार, 13 फरवरी से गुरुवार, 15 फरवरी तक तीन दिन लगातार जैन तीर्थंकरों के कल्याणक दिवस तथा दिगम्बर जैन आचार्य का जन्म जयन्ती महोत्सव बडी धूमधाम से मनाये जाएंगे। इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन किये जायेंगे । राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन 'कोटखावदा' ने बताया कि मंगलवार,13 फरवरी को जैन धर्म के तेरहवें तीर्थंकर भगवान विमलनाथ का जन्म व तप कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। बुधवार को दिगम्बर जैन आचार्य कुन्द कुन्द का जन्म जयंती महोत्सव मनाया जाएगा।

इसी तरह गुरुवार को तेरहवें तीर्थंकर भगवान विमलनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। इन सभी आयोजनों में दिगम्बर जैन मन्दिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन किए जाएंगे। जैन के मुताबिक मंगलवार को मनिहारों का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर संघीजी में अध्यक्ष प्रेम चन्द बडजात्या व मंत्री विपिन बज के नेतृत्व में मूलनायक भगवान विमलनाथ का जन्म व तप कल्याणक दिवस मनाया जाएगा। आमेर की दिगम्बर जैन नसियां कीर्ति स्तम्भ, सांगानेर के श्री दिगम्बर अतिशय क्षेत्र मंदिर संघीजी, आगरा रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी सहित कई मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन होगें । शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में भगवान के कल्याणक दिवस मनाएं जाएंगे तथा दिगम्बर जैन आचार्य कुन्द कुन्द का जन्म जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर संगोष्ठी, णमोकार महामंत्र के पाठ, आरती, भक्ति संध्या आदि के आयोजन होगें।