Jaipur 3.50 करोड़ रुपए में बना हीरा और माणिक जड़ित हार, राजा-रजवाड़ों की पहचान
3.50 करोड़ में तैयार हुआ बड़े-बड़े रूबी (माणिक) से सजा हार। राजा-रजवाड़ों की शाही ज्वेलरी का प्रतीक 65 लाख का रानी हार। साथ ही कृष्ण लीलाएं दिखाता डायमंड का पेंडेट सेट। जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में चल रहे जयपुर ज्वेलरी शो (जेजेएस) में इस बार देशभर से ज्लेवर अपनी बेशकीमती ज्वेलरी लेकर पहुंचे हैं। जो 23 दिसंबर तक चलेगा। आगे जानिए जेजेएस में इस बार क्या खास...
1. रोजी रेडियंस नेकलेस
लागत - 3.50 करोड़
हैदराबाद के शिव नारायण ज्वेलर्स ने ढाई साल की मेहनत के बाद रोजी रेडियंस हार तैयार किया है। इसके डिजाइन को तैयार करने वाले शिव नारायण ज्वेलर्स के डायरेक्टर तुषार अग्रवाल ने बताया- इस हार की कीमत करोड़ों में है। इसे बनाने में ही 3.50 करोड़ खर्च हो चुके हैं। जल्द ही इसे सेल आउट किया जाएगा।इस हार को बेशकीमती रूबी (माणिक) लाइट स्टोन, डायमंड (हीरे) और सोने से तैयार किया गया है। 742.44 ग्राम वजन वाले इस नेकलेस में 521.022 ग्राम सोना लगाया गया है। 41.8 कैरेट डायमंड का इस्तेमाल हुआ है, जो तंजानिया से लाया गया है। 1
तुषार अग्रवाल ने बताया- इस साल जयपुर ज्वेलरी शो की थीम रूबी है। ऐसे में हमने यहां अपने बेस्ट नेकलेस को डिस्पले किया है। इसे डिजाइन करने और बनाने से बड़ा चैलेंज इसके स्टोन को इकट्ठा करना था। इस साइज के बड़े स्टोन आसानी से नहीं मिल पाते। ऐसे में इन्हें इकट्ठा करने में 2 साल से ज्यादा का समय लगा। इसके बाद इसे डिजाइन करना भी मुश्किल था। टीम की मदद से यह नेकलेस 6 महीने के लंबे समय के बाद तैयार हुआ। इसमें प्योर 18 कैरेट गोल्ड का इस्तेमाल हुआ है। इसके साथ इसमें हजारों की संख्या में छोटे-छोटे डायमंड लगाए हुए हैं।
2. रानी हार
कीमत - 65 लाख
जयपुर की शाही ज्वेलरी का प्रतीक रानी हार भी इस शो में प्रदर्शित किया गया। हार की कीमत 65 लाख रुपए है। इस हार में लाख का उपयोग नहीं किया गया है। डायमंड को पैक करने के लिए गोल्ड का उपयोग हुआ है। इसे 'ओपन सेटिंग' कहा जाता है। सवा 200 ग्राम गोल्ड, 95 कैरेट डायमंड पोलकी और 80 कैरेट एमरल्ड से तैयार यह हार राजा-रजवाड़ों की शाही ज्वेलरी का प्रतीक है।रानी हार को तैयार करने वाली माधुरी जेम्स की ओनर माधुरी धूत ने बताया- हमने ज्वेलरी का कारोबार 30 साल पहले शुरू किया। पहले हमारा व्यवसाय मार्बल और सॉल्ट उत्पादन से जुड़ा था। जयपुर की सांस्कृतिक विरासत को दिखाने के उद्देश्य से हमने ज्वेलरी निर्माण का निर्णय लिया।
3. पन्ना और मोतियों से सजी खास ज्वेलरी
कीमत- 20 लाख
माधुरी जेम्स की ओनर माधुरी धूत ने बताया- वे इस शो में एक खास ज्वेलरी सेट भी लेकर आई हैं। जो 74 कैरेट के 90 सेंट डायमंड, मोती और पन्ना से बनी है। इसकी कीमत 20 लाख रुपए है। इसे तैयार करने में एक महीने का समय लगा। जयपुर की मीनाकरी ने इसे और भी खूबसूरत बना दिया है। यह ज्वेलरी न केवल खूबसूरती बढ़ाती है। बल्कि जयपुर की सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रदर्शित करती है।माधुरी धूत ने बताया- सैफ अली खान की बहन सोहा अली खान और शबाना आजमी इस ज्वेलरी की तारीफ कर चुकी हैं। राजा-महा राजाओं के समय में ऐसी ज्वेलरी पहनी जाती थी। अब इसे शादियों में दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवार के सदस्य पहनते हैं। इस ज्वेलरी में शाही कारीगरी और आधुनिक डिजाइनों का अनूठा संगम देखने को मिलता है। यह जयपुर की समृद्ध परंपरा को जीवंत करती है।
4. रोज गोल्ड (पिंक) रानी हार
कीमत- 13 लाख
कपिश ज्वेलर्स के ओनर विपिन ताम्बी ने बताया- 14 कैरेट डायमंड से तैयार यह रोज गोल्ड रानी हार शादियों और विशेष आयोजनों के लिए बनाया गया है। इसमें 90 ग्राम सोना और 11 कैरेट डायमंड का उपयोग किया गया है। 100 ग्राम वजन का यह हार 13 लाख रुपए का है। इसे तैयार करने में 1 महीने का समय लगा।
5. रॉयल टेंजेनाइट नेकलेस सेट
कीमत- 42 लाख
जेजेएस में आए रॉयल टेंजेनाइट नेकलेस सेट की कीमत 42 लाख रुपए है। इसमें रेयर सिंगल पीस डायमंड और टोटल 30 कैरेट डायमंड का उपयोग हुआ है। टेंजेनाइट स्टोन से तैयार इस फैंसी नेकलेस को बनाने में 45 दिन का समय लगा। इसकी खासियत यह है कि मुंबई से डायमंड कलेक्ट करने में ही एक महीने का समय लगा।
6. बरटफ्लाई नेकलेस
कीमत- 23 लाख
शो में 23 लाख रुपए की कीमत वाला बटरफ्लाई नेकलेस डिजाइन भी खास रहा। इसे 94 ग्राम गोल्ड, 24 कैरेट डायमंड और 29 कैरेट वर्मिज रूबी से तैयार किया गया है। इस ज्वेलरी को बनाने में 2 महीने का समय लगा।
7. टेंपल डायमंड पेंडेंट सेट
कीमत - 10 लाख
इस पेंडेंट में राधा-कृष्ण की मूर्ति दिखाई गई है। साथ ही भगवान कृष्ण को गाय चराते हुए दिखाया गया है। इसे 18 कैरेट सोने और डायमंड का उपयोग करके तैयार किया गया है। यह सेट पारंपरिक डिजाइन और धार्मिक महत्व का अनूठा उदाहरण है।
8. ब्राइडल ज्वेलरी
कीमत - 40 लाख
इस बार शो में दुल्हन की ज्वेलरी भी खास रही। इसमें 40 लाख रुपए की कुंदन जड़ाऊ ज्वेलरी ने सभी का ध्यान खींचा। इसमें 200 ग्राम गोल्ड, 30 कैरेट डायमंड और 35 कैरेट पोलकी का उपयोग हुआ। इसे जयपुर के कारीगरों ने 4 महीने में तैयार किया।
9. अष्ट विनायक दर्शन मेंस ज्वेलरी सेट
कीमत - 9.40 लाख
शो में इस बार अष्ट विनायक दर्शन मेंस ज्वेलरी सेट भी आया है। इस सेट की कीमत 9.40 लाख रुपए है। इसमें चेन, रिंग, ब्रेसलेट और पेंडेंट शामिल हैं। इसे 18 कैरेट गोल्ड से बनाया गया है। खास बात यह है कि इसमें अष्ट विनायक के आठ अलग-अलग स्वरूपों और उनकी स्थापना स्थलों के नामों को उकेरा गया है।
10. जैगुआर और अन्य डिजाइनों का प्रदर्शन
कीमत - 4.60 लाख रुपए
ज्वेलर संदीप जैन ने 12 ज्योतिर्लिंग थीम पर आधारित ज्वेलरी, जैगुआर का ब्रेसलेट और ताश के पत्तों के सेट की ज्वेलरी बनाई है। जैगुआर का ब्रेसलेट रोज गोल्ड और हीरों से तैयार किया गया है। इसके अलावा उन्होंने तिरुपति बालाजी और रामदेवरा पेंडेंट भी तैयार किया है। रामदेवरा पेंडेंट को ओपन करने पर रामदेव महाराज, डाली बाई और हरजी भाटी की आकृतियां दिखाई देती हैं।
सिल्वर ज्वेलरी और एंटीक आइटम्स
रिद्धि सिद्धि जेम्स एंड ज्वेलरी ने मुगल कालीन नक्काशी से प्रेरित 4 लाख रुपए का चांदी का जग सेट और इत्रदानी पेश किया। 1.5 किलो वजन के इस सेट को 1.5 महीने में तैयार किया गया।
