Aapka Rajasthan

Jaipur अक्षय तृतीया पर गोविंददेवजी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 
Jaipur अक्षय तृतीया पर गोविंददेवजी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर अक्षय तृतीया का पर्व शुक्रवार को पूरे प्रदेशभर में श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है। शहर के भगवान विष्णु के मंदिरों में भगवान को शीतल व्यंजनों का भोग लगाने के साथ ही चंदन का लेप लगाया गया। आज से शहरवासियों के आराध्य गोविंददेवजी, गोपीनाथजी, लाडली जी, बद्रीनारायण जी सहित शहर के मंदिरों विराजमान सभी ठाकुर जी के पहनावे और खानपान में बदलाव कर दिया गया है। आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में सुबह मंगला झांकी के बाद ठाकुरजी का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई। राजभोग झांकी में ठाकुरजी को पीत रंग की नई धोती दुपट्टा धारण करवाकर शीतलता प्रदान करने के लिए विशेष केसर चंदन का लेप किया गया। इस दौरान फव्वारे की सेवा भी लगाई गई। ठाकुरजी के भोग में शर्बत, ठंडाई, सत्तु, भीगी चना दाल, कमल ककड़ी, मिश्री व पंचमेवा, श्रीखंड के साथ तरबूज आदि ठंडी तासीर के व्यंजन शामिल किए गए। इस दौरान दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

यहां भी सजीं झांकियां

चौड़ा रास्ता स्थित मंदिरश्री राधा-दामोदरजी में मंगला झांकी के बाद चंदन शृंगार के विशेष दर्शन भक्त कर रहे हैं। ठाकुरजी के चंदन का लेप किया गया है। ठाकुरजी को राजभोग में श्रीखंड, रसीले फलों में आम, तरबूज, खरबूज, अंगूर का भोग लगाया गया। देवस्थान विभाग के मंदिर श्री आनंदकृष्ण बिहारीजी में ठाकुरजी को ठंडाई, शरबत, सत्तु, आमरस, खरबूजा, तरबूज आदि ठंडे व्यंजनों का भोग लगाने के साथ ही नटवर रूप की पोशाक धारण करवाई गई है। ठाकुरजी को चंदन लेप करने के साथ चने की दाल व ककड़ी व मिश्री का भोग लगाया गया। मंदिर श्री ब्रजनिधिजी में ऋतु फलों व ठंडे व्यंजनों का भोग लगाया गया।