जयपुर ने शुरू किया स्थापना का 300वां वर्ष, सिंधु सभ्यता के बाद नियोजित ग्रिड-पैटर्न पर बसाया गया था गुलाबी नगर
गुलाबी नगरी जयपुर आज अपने इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर रही है। शहर स्थापना के 300वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। करीब तीन शताब्दी पहले जिस शहर को सुनियोजित तरीके से बसाने की कल्पना की गई थी, वह आज देश-दुनिया में अपनी ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और व्यवस्थित नगर नियोजन के लिए पहचान रखता है। जयपुर को सिंधु सभ्यता के लगभग 4700 साल बाद नियोजित ग्रिड-पैटर्न पर बसाया गया था। इसकी बसावट भारतीय नगर नियोजन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जाती है।
जयपुर की स्थापना केवल एक नए शहर के निर्माण की घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे व्यवस्थित बाजारों, चौड़ी सड़कों, चौपड़ों और आवासीय क्षेत्रों की एक स्पष्ट योजना थी। शहर को इस तरह विकसित किया गया कि व्यापार, आवागमन और दैनिक जीवन की जरूरतों को एक निश्चित व्यवस्था के तहत संचालित किया जा सके। यही वजह है कि आज भी जयपुर की चारदीवारी और उसके बाजार इसकी मूल नगर योजना की पहचान कराते हैं।
सिंधु सभ्यता के बाद नियोजित शहरों में खास पहचान
इतिहास में सिंधु घाटी सभ्यता के हड़प्पा और मोहनजोदड़ो जैसे नगर अपनी सुनियोजित बसावट के लिए प्रसिद्ध रहे हैं। इन नगरों में सड़कें, जल निकासी व्यवस्था और आवासीय क्षेत्र योजनाबद्ध तरीके से विकसित किए गए थे। इसके हजारों साल बाद जयपुर को भी ग्रिड-पैटर्न के आधार पर बसाया गया। शहर की सड़कें और बाजार एक व्यवस्थित ढांचे में विकसित किए गए, जिससे इसे एक अलग पहचान मिली।
जयपुर की नगर योजना में चौपड़ और बाजारों की अहम भूमिका रही। छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ जैसे प्रमुख स्थान शहर के यातायात और व्यापारिक गतिविधियों के केंद्र बने। परकोटे के बाजारों को भी एक निश्चित क्रम और स्वरूप में विकसित किया गया।
दयाराम साहनी का हड़प्पा उत्खनन से जुड़ा योगदान
जयपुर के इतिहास के साथ भारतीय पुरातत्व के विकास का एक महत्वपूर्ण संदर्भ भी जुड़ा है। वर्ष 1920 में जयपुर स्टेट में पुरातत्व विभाग के निदेशक रहे दयाराम साहनी ने हड़प्पा में खुदाई का कार्य किया था। उन्हें सिंधु सभ्यता के पुरातात्विक अवशेषों की पहचान और उत्खनन के शुरुआती कार्यों से जोड़कर देखा जाता है। हड़प्पा की खुदाई ने भारतीय इतिहास के एक ऐसे प्राचीन अध्याय को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बारे में पहले बहुत कम जानकारी थी।
तीन शताब्दियों की विरासत का प्रतीक जयपुर
आज जयपुर अपनी स्थापना के 300वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। शहर की पहचान उसके ऐतिहासिक दरवाजों, हवेलियों, मंदिरों, चौपड़ों और पारंपरिक बाजारों से जुड़ी है। समय के साथ जयपुर का विस्तार चारदीवारी से बाहर तक हुआ है, लेकिन पुराने शहर की नियोजित बसावट आज भी इसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में शामिल है।
