जयपुर हादसा: तेज रफ्तार थार ने एंडेवर को मारी टक्कर, ई-रिक्शा पर पलटी; तीन मजदूर घायल, CCTV वीडियो आया सामने
राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग का खतरनाक मामला सामने आया है। मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे तिराहे पर 30 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे हुए हादसे का CCTV वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में एक तेज रफ्तार थार पहले एंडेवर कार को टक्कर मारती है और फिर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट जाती है। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा करीब 50 फीट तक घिसटता चला गया। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
थार और एंडेवर सवार मौके से फरार
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद थार और एंडेवर कार में सवार लोग मौके पर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।पुलिस जांच में सामने आया है कि एंडेवर कार पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम पर रजिस्टर्ड है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय एंडेवर को अशोक चांदना का भतीजा चला रहा था।वहीं, थार में कुछ युवतियां सवार थीं। हादसे के बाद थार में मौजूद लोग भी मौके से चले गए।
दोनों वाहनों पर पहले से हैं चालान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, एंडेवर कार पर पहले से ही ओवरस्पीड और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के 18 चालान लंबित हैं।वहीं, थार कार वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम पर पंजीकृत है। इस वाहन पर भी ओवरस्पीड के 4 चालान दर्ज हैं।
CCTV फुटेज से सामने आई घटना की तस्वीर
हादसे का CCTV वीडियो सामने आने के बाद घटना की पूरी तस्वीर साफ हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार थार नियंत्रण खोने के बाद एंडेवर से टकराती है। इसके बाद थार पलटकर ई-रिक्शा पर जा गिरती है।पुलिस अब CCTV फुटेज और वाहन मालिकों की जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था।
घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में घायल हुए तीनों मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।जयपुर में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस अब फरार वाहन चालकों की तलाश में जुटी है।
