Aapka Rajasthan

करौली के ITBP जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, वीडियो में जाने पत्नी ने दिया कंधा; बेटे ने दी मुखाग्नि

करौली के ITBP जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, वीडियो में जाने पत्नी ने दिया कंधा; बेटे ने दी मुखाग्नि
 
करौली के ITBP जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, वीडियो में जाने पत्नी ने दिया कंधा; बेटे ने दी मुखाग्नि

राजस्थान के करौली जिले के ITBP जवान दामोदर प्रसाद मीना का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह उनके पैतृक गांव पाड़ला पहुंचा। अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले में 23 नवंबर को उनका निधन हो गया था। जवान की पार्थिव देह गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

दामोदर प्रसाद मीना की पार्थिव देह बुधवार 25 नवंबर को सुबह करीब 6 बजे गांव पहुंची। गांव से लगभग 3 किलोमीटर पहले गोपाल होटल पर पार्थिव शरीर को रोका गया। इसके बाद सेना के ट्रक में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा भजेड़ा होते हुए उनके पैतृक गांव पाड़ला पहुंची। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पांजलि अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी।

पत्नी ने दिया कंधा, बेटे ने दी मुखाग्नि

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जवान की पत्नी आशा मीना ने अपने पति की पार्थिव देह को कंधा दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। जवान के बड़े बेटे सौरभ मीना ने उन्हें मुखाग्नि दी।रेवाड़ी से पहुंची ITBP की 28वीं बटालियन ने जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य अधिकारियों ने उनके बड़े बेटे को तिरंगा सौंपा। पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।

करीब 14 साल तक की देश की सेवा

दामोदर प्रसाद मीना अरुणाचल प्रदेश के कीमिन में ITBP की 10वीं बटालियन में सिपाही के पद पर तैनात थे। उन्होंने करीब 14 साल तक देश की सेवा की। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई।

राइफल साफ करते समय हुआ हादसा

ITBP के सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के मुताबिक, यह घटना 23 नवंबर को शाम करीब 6 बजे अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले के कीमिन में हुई। जवान दामोदर प्रसाद अपनी राइफल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई, जो उनके सीने में दाहिनी तरफ लगी।गोली लगने के बाद साथी जवान उन्हें तुरंत पास के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।जवान के निधन से परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खो दिया, वहीं गांव ने देश की सेवा करने वाले एक सपूत को खो दिया। बुधवार को पूरे सम्मान और नम आंखों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।