‘द रॉयल्स’ की शूटिंग से ब्रेक लेकर मुंबई लौटे ईशान खट्टर, वीडियो में जाने जयपुर एयरपोर्ट पर आए नजर; डॉली सिंह भी लौटीं
जयपुर में वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग इन दिनों जारी है। सीरीज की शूटिंग के बीच अभिनेता ईशान खट्टर बुधवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। बताया जा रहा है कि ईशान ने शूटिंग के मौजूदा शेड्यूल से ब्रेक लिया है और वह मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। ईशान खट्टर पिछले कुछ समय से जयपुर की अलग-अलग हेरिटेज लोकेशंस पर ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग में व्यस्त थे। जयपुर आने से पहले सीरीज की टीम ने जैसलमेर में शूटिंग की थी। वहां ऐतिहासिक और चर्चित सूर्यगढ़ पैलेस में भी सीरीज के कई सीन फिल्माए गए थे।
राजस्थान से शुरू हुई थी दूसरे सीजन की शूटिंग
‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग सितंबर में राजस्थान से शुरू हुई थी। राजस्थान पहुंचने के बाद ईशान खट्टर ने शूटिंग से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। इनमें वह घुड़सवारी की तैयारी करते हुए भी नजर आए थे।
जैसलमेर के शेड्यूल के बाद सीरीज की टीम जयपुर पहुंची, जहां शहर की ऐतिहासिक इमारतों और हेरिटेज लोकेशंस को शूटिंग के लिए इस्तेमाल किया गया। जयपुर में कई दिनों से सीरीज की शूटिंग चल रही है।ईशान के अलावा क्रिएटर और अभिनेत्री डॉली सिंह भी जयपुर में अपने प्रोजेक्ट के सिलसिले में मौजूद थीं। उन्होंने मंगलवार को परकोटा क्षेत्र में एक फैशन कैंपेन की शूटिंग की थी। शूटिंग पूरी करने के बाद डॉली सिंह भी जयपुर से रवाना हो गईं।
जयपुर में जारी रहेगा शूटिंग शेड्यूल
‘द रॉयल्स’ की टीम राजस्थान के अलग-अलग शहरों में शूटिंग कर रही है। जैसलमेर के बाद जयपुर को शूटिंग के लिए चुना गया है। शहर की हवेलियां, महल, पुराने बाजार और ऐतिहासिक गलियां सीरीज के विजुअल्स में राजस्थान की शाही पृष्ठभूमि को दिखाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।ईशान खट्टर फिलहाल शूटिंग से ब्रेक लेकर मुंबई लौटे हैं। उनके आगे के शूटिंग शेड्यूल को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि अगले शेड्यूल में वह फिर से सीरीज की टीम के साथ राजस्थान में शूटिंग करते नजर आ सकते हैं।
