ईरान-इजराइल तनाव का असर शादियों पर, वीडियो में देखें सिलेंडर के लिए डीएसओ कार्यालय में दे रहे न्योता
ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब आम जनजीवन के साथ-साथ शादी-ब्याह जैसे पारंपरिक आयोजनों पर भी देखने को मिल रहा है। राजस्थान के उदयपुर में अप्रैल और मई महीने में होने वाली शादियों को लेकर एक अनोखा ट्रेंड सामने आया है।
जिन घरों में शादियां हैं, वे लोग पहले भगवान गणेशजी को निमंत्रण पत्र चढ़ा रहे हैं और उसके बाद दूसरा कार्ड जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) कार्यालय में दे रहे हैं। इसका कारण शादी के लिए रसोई गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
दरअसल, वैश्विक हालात के चलते गैस आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में शादी समारोहों के लिए समय पर सिलेंडर मिल सके, इसके लिए लोग कलेक्ट्रेट स्थित रसद विभाग पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं। यहां लोग लाइन में लगकर डीएसओ को निमंत्रण दे रहे हैं और अतिरिक्त गैस सिलेंडर की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इन दिनों बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर की बुकिंग और अनुमति के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं। अप्रैल और मई में शादियों के कई शुभ मुहूर्त होने के कारण मांग अचानक बढ़ गई है।
वैशाख और ज्येष्ठ महीने में 8 मई तक कई विवाह मुहूर्त तय हैं। अप्रैल में 19, 20, 21 और 26 तारीख को विवाह के सावे हैं, जबकि मई में 5, 6, 7 और 8 मई को भी शादियों के शुभ मुहूर्त हैं। इन तारीखों को देखते हुए लोग पहले से ही तैयारी में जुट गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी जैसे बड़े आयोजनों में भोजन व्यवस्था के लिए गैस सिलेंडर बेहद जरूरी होता है। ऐसे में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए वे पहले से ही प्रशासन से अनुमति लेकर सिलेंडर सुनिश्चित करना चाहते हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का असर अब सीधे आम लोगों के घरेलू और सामाजिक आयोजनों पर भी पड़ने लगा है।
