Aapka Rajasthan

International Yoga Day 2025: राजस्थान योग दिवस पर रच सकता है इतिहास, इस मामले में राज्य को हासिल है पहला स्थान

 
International Yoga Day 2025: राजस्थान योग दिवस पर रच सकता है इतिहास, इस मामले में राज्य को हासिल है पहला स्थान 

11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयुष मंत्रालय ने बताया कि देशभर में 50,000 से अधिक संगठनों ने योग संगम का हिस्सा बनने के लिए पंजीकरण कराया है। यह सामूहिक भागीदारी का नया रिकॉर्ड है। योग संगम का आयोजन 21 जून को सुबह 6.30 बजे से 7.45 बजे तक किया जाएगा।

इस बार की थीम है 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग'

इस साल की थीम है 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग', जो दुनिया को एकता और स्वास्थ्य का संदेश देती है। इस आयोजन में आईआईटी, आईआईएम, केंद्रीय विश्वविद्यालयों के साथ-साथ कई कॉरपोरेट और निजी संगठन हिस्सा ले रहे हैं। राजस्थान सबसे आगे है, जहां 11,000 से अधिक संगठन पंजीकृत हैं। तेलंगाना में 7,000 से अधिक और मध्य प्रदेश में करीब 5,000 पंजीकरण हुए हैं।

आयुष मंत्रालय ने क्या कहा?

आयुष मंत्रालय ने कहा, "योग दिवस का आयोजन एक लाख से अधिक स्थानों पर किए जाने की उम्मीद है। योग संगम 2025 भारत के प्राचीन योग ज्ञान का वैश्विक उत्सव है। हम नागरिकों, संस्थाओं और समुदायों से अपील करते हैं कि वे एक साथ आएं और स्वस्थ, सामंजस्यपूर्ण विश्व के लिए योग करें।"

कई हस्तियों ने किया समर्थन

लद्दाख की बर्फीली चोटियों से लेकर केरल के समुद्र तटों, स्कूल के मैदानों, कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और ऐतिहासिक मंदिरों में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। अभिनेता अनुपम खेर, मनोज जोशी, शिल्पा शेट्टी और रकुल प्रीत जैसी फिल्मी हस्तियों ने भी योग संगम और योग दिवस के आयोजन का समर्थन किया है।

कार्यक्रमों पर नज़र रखी जाएगी
मंत्रालय ने कहा कि इन आयोजनों पर योग पोर्टल पर ऑनलाइन सुविधा के ज़रिए नज़र रखी जाएगी। इच्छुक संगठन इस पोर्टल पर अपने आयोजन के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। नागरिक आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर समूह या संगठन के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। 21 जून को योग संगम कार्यक्रम के बाद भागीदारी का विवरण अपलोड करने पर आधिकारिक प्रशंसा प्रमाण पत्र भी मिलेगा।