Aapka Rajasthan

Rajasthan के CM के चुनावी दौरे पर दिखेगा दिलचस्प नजारा, एक मंच पर होंगे ये दिग्गज

 
Rajasthan के CM के चुनावी दौरे पर दिखेगा दिलचस्प नजारा, एक मंच पर होंगे ये दिग्गज 

जयपुर न्यूज़ डेस्क, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दिल्ली-हरियाणा के दौरे पर हैं। सोमवार की देर रात दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री आज सुबह केंद्र सरकार के मंत्रियों और भाजपा संगठन के उच्च पदाधिकारियों से मुलाक़ात कर सकते हैं। इसके बाद उनका हरियाणा जाने का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा इन दिनों विभिन्न राज्यों के चुनावी दौरों पर हैं। सोमवार को भी उन्होंने पंजाब और हरियाणा राज्यों के दौरे पर रहते हुए भाजपा के लोकसभा उम्मीदवारों के समर्थन जनसभा और रोड शो किया।

एक मंच पर दिखेंगे तीन ‘लाल’!

सीएम भजन लाल शर्मा आज भी हरियाणा में चुनाव प्रचार करेंगे। वे दोपहर 2 बजे सोनीपत लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली के समर्थन में जुलाना में विजय संकल्प रैली में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहेंगे। दिलचस्प पहलू ये है कि इस रैली के दौरान एक मंच पर तीन ‘लाल’ – भजनलाल, मनोहर लाल और मोहन लाल की मौजूदगी रहेगी।



फिर जाएंगे ममता के ‘गढ़’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक बार फिर ममता बनर्जी के ‘गढ़’ पश्चिम बंगाल जाएंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कल बुधवार 15 मई को शाम साढ़े 4 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसी दिन वे कोलकाता में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों से ‘प्रवासी सम्मेलन’ में मुखातिब होंगे। मुख्यमंत्री इससे पहले भी पश्चिम बंगाल दौरे पर रहते हुए प्रचार कर चुके हैं।

जारी हैं धुंआधार प्रचार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के धुंआधार प्रचार अभियान जारी है। राजस्थान में दो चरणों के चुनाव संपन्न होने के बाद से ही वे अन्य चुनावी राज्यों में प्रचार के लिए निकल गए थे। वे अब तक पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दिल्ली के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते हुए वोट अपील कर चुके हैं।