स्कूलों में दीपावली की छुट्टियों के बीच ब्रिक्स सप्ताह के आयोजन के निर्देश, वीडियो में जाने जोधपुर में टीचर-स्टूडेंट्स असमंजस में
जोधपुर में सरकारी और निजी स्कूलों में दीपावली की छुट्टियों को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में 4 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली की छुट्टियां घोषित की हैं। वहीं, दूसरी ओर विभाग ने 1 से 7 नवंबर तक स्कूलों में ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ आयोजित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि छुट्टियों के दौरान 4 से 7 नवंबर तक स्कूलों में कार्यक्रमों का आयोजन कैसे होगा।
इस संबंध में जोधपुर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) ने 30 अक्टूबर को आदेश जारी किया था। इसमें जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियोंको सकारी और निजी स्कूलों में ब्रिक्स सप्ताह आयोजित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार, स्कूलों में 1 से 7 नवंबर तक इस सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।हालांकि, दीपावली की छुट्टियां 4 नवंबर से शुरू होने के कारण शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामने स्थिति स्पष्ट नहीं है। 1 से 3 नवंबर तक स्कूलों में नियमित गतिविधियां हो सकती हैं, लेकिन इसके बाद छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में 4 से 7 नवंबर के बीच प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर स्कूलों में असमंजस बना हुआ है।
30 अक्टूबर को जारी किए गए थे निर्देश
शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूलों में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक का आयोजन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।ब्रिक्स सप्ताह के आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश तो जारी कर दिए गए, लेकिन दीपावली की छुट्टियों के कार्यक्रम से टकराव के कारण इनके क्रियान्वयन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी बोले- नया आदेश आया तो भेज देंगे
इस मामले में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान जोधपुर भरत कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से उन्हें ब्रिक्स सप्ताह के आयोजन के संबंध में आदेश मिले थे। इसके बाद उन्होंने ये निर्देश सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को भेज दिए।उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना अच्छी पहल है। छुट्टियां शुरू होने से पहले कार्यक्रमों के संबंध में विभाग की ओर से मंगलवार को कोई दूसरा आदेश आता है तो उसे संबंधित अधिकारियों को भेजकर लागू करवाया जाएगा।फिलहाल शिक्षकों और विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग के अगले निर्देशों का इंतजार है। नए आदेश के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दीपावली की छुट्टियों के बीच ब्रिक्स सप्ताह की गतिविधियां किस तरह आयोजित की जाएंगी।
