जयपुर-लखनऊ यात्रियों के लिए बड़ा झटका: इंडिगो ने बंद की सुबह की डायरेक्ट फ्लाइट, वीडियो में जाने अब सिर्फ दोपहर का विकल्प
जयपुर से लखनऊ की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने जयपुर और लखनऊ के बीच संचालित होने वाली अपनी सुबह की नियमित सीधी फ्लाइट 6E-7651 का संचालन बंद कर दिया है। इस फैसले के बाद दोनों शहरों के बीच सुबह की डायरेक्ट एयर कनेक्टिविटी समाप्त हो गई है।
अब जयपुर से लखनऊ जाने वाले यात्रियों के पास केवल दोपहर में संचालित होने वाली फ्लाइट का विकल्प ही उपलब्ध रहेगा। इससे खासकर उन यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, जो सुबह यात्रा कर उसी दिन अपना काम पूरा कर वापस लौटने की योजना बनाते थे।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-7651 प्रतिदिन सुबह 8:45 बजे जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर सीधे लखनऊ पहुंचती थी। यह फ्लाइट बिजनेस यात्रियों, सरकारी अधिकारियों, विद्यार्थियों और एक ही दिन में यात्रा पूरी करने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थी।
सुबह की उड़ान बंद होने से अब यात्रियों को अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ेगा। कई यात्रियों को या तो दोपहर की फ्लाइट का इंतजार करना होगा या फिर वैकल्पिक मार्गों और अन्य एयरलाइंस की सेवाओं का सहारा लेना पड़ेगा।
एविएशन सेक्टर से जुड़े जानकारों का मानना है कि सुबह की फ्लाइट बंद होने से दोनों शहरों के बीच व्यावसायिक और आधिकारिक यात्रा करने वाले लोगों पर सबसे अधिक असर पड़ेगा। हालांकि, इंडिगो की ओर से फ्लाइट बंद किए जाने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले एयरलाइन की नवीनतम फ्लाइट शेड्यूल की जांच कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
