Aapka Rajasthan

उदयपुर में हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमने पर ASI समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दमन-दीव के फोटो-वीडियो आए सामने

उदयपुर में हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमने पर ASI समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दमन-दीव के फोटो-वीडियो आए सामने
 
उदयपुर में हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमने पर ASI समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दमन-दीव के फोटो-वीडियो आए सामने

राजस्थान के उदयपुर जिले में हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सायरा थाने के एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बुधवार देर रात लाइन हाजिर कर दिया। इन सभी पर हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह के साथ दमन-दीव घूमने का आरोप है। पुलिसकर्मियों के समुद्र किनारे हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमने के फोटो और वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था।एसपी ने एएसआई राजेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल नरपतराम, गुमान सिंह, धर्मेन्द्र कुमार और लोकेन्द्र सिंह को लाइन हाजिर किया है। मामले की जांच गिर्वा डीएसपी छगन राजपुरोहित को सौंपी गई थी। डीएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गई।

दमन-दीव में हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमते दिखे जवान

जानकारी के अनुसार, एएसआई राजेन्द्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी दमन-दीव में समुद्र किनारे हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह के साथ घूमते नजर आए थे। इनके फोटो और वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के हिस्ट्रीशीटर के साथ संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे थे।मामला सामने आने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए थे। गिर्वा डीएसपी ने पूरे प्रकरण की जांच की। रिपोर्ट मिलने के बाद बुधवार रात पांचों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।

पहले भी सामने आया था कॉन्स्टेबल का फोटो

इस मामले की शुरुआत दीपावली से पहले हुई थी। उस समय सायरा थाने के कॉन्स्टेबल रूपाराम टेलर का हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह के साथ एक फोटो सामने आया था। इसके बाद 14 नवंबर को उसे लाइन हाजिर कर दिया गया था।कॉन्स्टेबल पर कार्रवाई के कुछ दिन बाद सायरा थाने के अन्य पुलिसकर्मियों के भी हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो और वीडियो सामने आने लगे। इनमें पुलिसकर्मी उसके साथ दमन-दीव में घूमते दिखाई दिए। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया और एसपी ने जांच गिर्वा डीएसपी को सौंप दी।

तत्कालीन थानाधिकारी पर कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल

इस पूरे मामले में सायरा थाने के तत्कालीन थानाधिकारी शैतान सिंह पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब दो महीने पहले उनका ट्रांसफर हुआ था। विदाई समारोह के दौरान हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह थाने पहुंचा था और उसने थानाधिकारी को श्रीनाथजी की तस्वीर भेंट की थी। इस घटना का फोटो भी सामने आया था।अब एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के बाद तत्कालीन थानाधिकारी की भूमिका को लेकर भी चर्चा हो रही है। फिलहाल पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद मामले ने उदयपुर में तूल पकड़ लिया है।