IAS शिखर अग्रवाल मामले में ACB ने विभागों को फिर भेजे नोटिस, वीडियो में जाने रिकॉर्ड देने के लिए 3 दिन का समय; हाईकोर्ट पहुंचे अधिकारी
राजस्थान में आईएएस शिखर अग्रवाल से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच तेज हो गई है। एसीबी के नोटिस पर संबंधित विभागों ने मंगलवार, 17 नवंबर को दस्तावेज और रिकॉर्ड मुख्यालय भेजे, लेकिन कई विभागों ने पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया। कुछ विभागों की ओर से अधूरी जानकारी भेजी गई है। इसके बाद एसीबी ने संबंधित विभागों को दोबारा नोटिस जारी किए हैं। अब रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।इधर, आईएएस शिखर अग्रवाल ने एसीबी की जांच के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस घटनाक्रम के बीच जांच एजेंसी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों की भूमिका और संबंधित प्रक्रियाओं से जुड़े रिकॉर्ड को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
14 नवंबर को विभागों को जारी किए थे नोटिस
एसीबी ने मामले की प्रारंभिक जांच के तहत 14 नवंबर को कई विभागों को नोटिस जारी कर जरूरी रिकॉर्ड मांगा था। इसके जवाब में मंगलवार को विभागों ने दस्तावेज एसीबी मुख्यालय भेजे। हालांकि, जांच एजेंसी को मिले रिकॉर्ड में कई कमियां सामने आई हैं।कुछ विभागों ने मांगी गई पूरी जानकारी नहीं दी, जबकि कुछ ने अधूरे दस्तावेज भेजे हैं। इसके चलते एसीबी ने दोबारा नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
दस्तावेजों की एक-एक कर हो रही जांच
एसीबी मुख्यालय पहुंचे दस्तावेजों की जांच के लिए टीमें लगाई गई हैं। अधिकारी एक-एक रिकॉर्ड और दस्तावेज की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि संबंधित मामलों में मंजूरी किस स्तर पर दी गई, फाइलों का निस्तारण कैसे हुआ और किन अधिकारियों की क्या भूमिका रही।एसीबी की प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों के आधार पर संबंधित विभागों की प्रक्रियाओं और निर्णयों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रदूषण नियंत्रण मंडल से मांगे रिसॉर्ट की मंजूरियों के रिकॉर्ड
इस मामले में एसीबी ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे थे। इनमें संबंधित रिसॉर्ट से जुड़ी मंजूरियां, अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी और समय-समय पर उनमें किए गए बदलावों का रिकॉर्ड शामिल है।इसके अलावा जांच एजेंसी ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका, मामलों के निस्तारण और स्वीकृति प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं। इन रिकॉर्ड के जरिए एसीबी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिसॉर्ट से संबंधित मंजूरियां किन परिस्थितियों में और किस प्रक्रिया के तहत दी गई थीं।
हाईकोर्ट में याचिका से बढ़ी मामले की चर्चा
वहीं, आईएएस शिखर अग्रवाल ने एसीबी की जांच के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने जांच को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। ऐसे में अब एक ओर एसीबी विभागों से पूरा रिकॉर्ड जुटाकर प्रारंभिक जांच आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर हाईकोर्ट में दायर याचिका पर होने वाली सुनवाई भी महत्वपूर्ण रहेगी।फिलहाल एसीबी ने विभागों को तीन दिन के भीतर अधूरे दस्तावेज और बाकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई संबंधित रिकॉर्ड की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर तय होगी।
