सीकर में बिना ओटीपी और कॉल के खाते से निकले 2.80 लाख रुपए, वीडियो में देंखे 9 अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हुई रकम
सीकर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक के बैंक खाते से बिना किसी ओटीपी या फोन कॉल के ही 2 लाख 80 हजार रुपए निकाल लिए गए। युवक को इसकी जानकारी तब हुई, जब उसने मोबाइल पर अपने खाते का बैलेंस चेक किया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला 15 नवंबर का है। फतेहपुर निवासी 41 वर्षीय रिछपाल सिंह ने 16 नवंबर को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत में बताया कि उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 2 लाख 80 हजार रुपए निकाल लिए गए। खास बात यह है कि इस दौरान उनके पास न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी तरह की फोन कॉल मिली।
9 अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई रकम
पीड़ित ने जब मोबाइल पर खाते का बैलेंस देखा तो उन्हें रकम गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने बैंक से जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि ठगों ने उनके खाते से रकम निकालकर 9 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की थी।अब साइबर थाना पुलिस उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई। पुलिस बैंक लेनदेन और खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
41 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ का मामला भी दर्ज
सीकर में छेड़छाड़ का एक अन्य मामला भी सामने आया है। यहां 41 वर्षीय महिला ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि जब वह अकेली थी, तब आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की।महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों मामलों में शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
