रणथंभौर में पिता के सामने बेटे टाइगर लाभ ने किया सरेंडर, टी-120 गणेश को देखकर पीछे हटा; वीडियो में जाने टल गई दोनों के बीच जंग
सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में मंगलवार सुबह एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। यहां जोन नंबर-4 में पिता टाइगर गणेश (टी-120) और उसके बेटे लाभ (आरबीटी-2506) का आमना-सामना हो गया। दोनों को एक-दूसरे के सामने आते ही उनके बीच आक्रामकता दिखाई देने लगी। हालांकि, पिता गणेश को अपनी ओर बढ़ता देखकर बेटे लाभ ने पीछे हटना बेहतर समझा और दोनों के बीच संभावित संघर्ष टल गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रणथंभौर के जोन नंबर-4 में पर्यटकों को टाइगर गणेश और उसके बेटे लाभ की साइटिंग हुई। दोनों टाइगर एक पेड़ के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों के बीच कुछ दूरी थी, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति तनावपूर्ण होने लगी।
पिता को आक्रामक देखकर पीछे हटा बेटा
बताया जा रहा है कि लाभ ने अपने पिता गणेश को अपनी तरफ आते देखा तो वह भी आक्रामक हो गया। इसके बाद गणेश ने भी तेवर दिखाए और दोनों के बीच संघर्ष की स्थिति बन गई। कुछ देर तक दोनों एक-दूसरे के सामने डटे रहे।हालांकि, गणेश को अपनी ओर बढ़ता देखकर लाभ पीछे हटने लगा। उसने पिता के सामने चुनौती देने के बजाय वहां से हटना उचित समझा। इस तरह दोनों के बीच होने वाला संभावित संघर्ष टल गया। इसके बाद पिता और बेटा अलग-अलग दिशाओं में चले गए।
पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया नजारा
रणथंभौर में सफारी के दौरान मौजूद पर्यटकों ने दोनों बाघों की इस गतिविधि को करीब से देखा। पर्यटकों ने पिता और बेटे के आमने-सामने आने से लेकर लाभ के पीछे हटने तक के पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में कैद कर लिया।रणथंभौर में बाघों की गतिविधियां पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती हैं। मंगलवार सुबह जोन नंबर-4 में देखने को मिला यह नजारा भी पर्यटकों के लिए खास अनुभव बन गया। दोनों बाघों के अलग-अलग दिशाओं में चले जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
