Aapka Rajasthan

कोटा में अंधे और चलने में असमर्थ दिव्यांग को बनाया हत्या का आरोपी: वीडियो में जाने एक ने 9 तो दूसरे ने 27 महीने जेल में बिताए; अदालत ने सबूतों के अभाव में किया बरी

कोटा में अंधे और चलने में असमर्थ दिव्यांग को बनाया हत्या का आरोपी: वीडियो में जाने एक ने 9 तो दूसरे ने 27 महीने जेल में बिताए; अदालत ने सबूतों के अभाव में किया बरी
 
कोटा में अंधे और चलने में असमर्थ दिव्यांग को बनाया हत्या का आरोपी: वीडियो में जाने एक ने 9 तो दूसरे ने 27 महीने जेल में बिताए; अदालत ने सबूतों के अभाव में किया बरी

राजस्थान के कोटा में दिव्यांग भिखारी की हत्या के मामले में पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरकेपुरम थाना पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के दावे के साथ दो दिव्यांग भिखारियों को आरोपी बना दिया था। इनमें एक व्यक्ति जन्म से पूरी तरह अंधा है, जबकि दूसरा अपने पैरों पर बिना सहारे खड़ा तक नहीं हो सकता। पुलिस ने अंधे व्यक्ति से घटनास्थल की तस्दीक करवाने का भी दावा किया था। पुलिस की जांच और आरोपपत्र के आधार पर दोनों को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा। हालांकि, अदालत में अभियोजन पक्ष आरोप साबित नहीं कर सका। इसके बाद जिला एवं सत्र न्यायालय ने दोनों आरोपियों को बरी कर दिया। मामला खड़े गणेशजी मंदिर के बाहर भीख मांगने वाले कल्ला जोगी उर्फ कल्लू की हत्या से जुड़ा है। मृतक मंदिर के बाहर बैठकर भीख मांगता था। पुलिस ने इस हत्या के मामले में भीख मांगने वाले दो अन्य व्यक्तियों बंशीलाल उर्फ चड्डा और बृजमोहन को आरोपी बनाया था।

अंधे व्यक्ति को बताया हत्या में शामिल

पुलिस ने अपनी जांच में बंशीलाल उर्फ चड्डा को हत्या के मामले में आरोपी बनाया था। बंशीलाल जन्म से ही पूरी तरह अंधा है। इसके बावजूद पुलिस ने उसे हत्या में शामिल बताते हुए घटनास्थल की तस्दीक करवाने का दावा किया। वहीं, दूसरे आरोपी बृजमोहन को मुख्य हमलावर बताया गया, जबकि वह दिव्यांग है और अपने पैरों पर बिना सहारे खड़ा भी नहीं हो सकता।पुलिस की जांच और आरोपपत्र के आधार पर बंशीलाल को करीब 9 महीने और बृजमोहन को 27 महीने तक जेल में रहना पड़ा। दोनों को जेल में लंबा समय बिताना पड़ा, लेकिन आखिरकार अदालत में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित नहीं हो सके।

अदालत में आरोप साबित नहीं कर पाया अभियोजन पक्ष

जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश सत्यनारायण व्यास ने मामले की सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में असफल रहा कि मृतक कल्ला जोगी उर्फ कल्लू की मारपीट कर हत्या बंशीलाल उर्फ चड्डा और बृजमोहन ने की थी।अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध साबित नहीं पाया। इसके बाद दोनों को मामले में बरी कर दिया गया।

बोला- पुलिस चाहती तो मेरे साथ ऐसा नहीं होता

बरी होने के बाद बंशीलाल ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए। उसने कहा, "पुलिस चाहती तो मेरे साथ ऐसा नहीं होता। मैं तो जन्म से ही अंधा हूं। मैं किसी के सिर पर वार कैसे कर सकता था। मुझे और मेरे दिव्यांग साथी बृजमोहन को बेवजह आरोपी बना दिया गया। जेल में हम खूब रोते थे। फैसले के बाद लगा कि भगवान है।"बंशीलाल के मुताबिक, उसने और उसके साथी ने जेल में काफी परेशानी झेली। उनका कहना है कि जिस हत्या में उनकी कोई भूमिका साबित नहीं हुई, उसी मामले में उन्हें कई महीने जेल में बिताने पड़े।

पुलिस की जांच प्रक्रिया पर उठे सवाल

इस मामले ने पुलिस की जांच प्रक्रिया और आरोप तय करने से पहले साक्ष्यों की पड़ताल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर एक जन्म से अंधे व्यक्ति से घटनास्थल की तस्दीक करवाने और चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्ति को मुख्य हमलावर बताने के दावे चर्चा में हैं।दोनों आरोपियों को अदालत से बरी होने के बाद राहत मिली है, लेकिन उन्हें जेल में बिताए गए महीनों की भरपाई नहीं हो सकती। यह मामला बताता है कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों की जांच में ठोस साक्ष्य और निष्पक्ष पड़ताल कितनी जरूरी है।