जालोर में कार सवार युवक पर कैंपर से आए बदमाशों का हमला, फुटेज में देंखे लाठी-सरियों से बेरहमी से पीटा: कार के शीशे तोड़े, सिर में लगे 5 टांके; गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
राजस्थान के जालोर शहर में गुरुवार रात बदमाशों ने कार से घर लौट रहे एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। सिरे मंदिर रोड पर श्मशान भूमि के पास कैंपर और दूसरी कार में सवार होकर आए बदमाशों ने पहले युवक की कार को टक्कर मारी। इसके बाद लाठी, पाइप और लोहे के सरियों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने उसकी कार के शीशे भी तोड़ दिए। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना जालोर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। घायल युवक की पहचान सिरे मंदिर रोड स्थित दुदावा जाव गांव निवासी दिलीप माली पुत्र चौपाराम के रूप में हुई है। दिलीप गुरुवार शाम अपनी दुकान से कार लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया।
पहले कार को मारी टक्कर, फिर नीचे उतरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, दिलीप अपनी कार से घर जा रहा था। जब वह सिरे मंदिर रोड पर श्मशान भूमि के पास पहुंचा तो पीछे से आए कैंपर और एक अन्य कार में सवार बदमाशों ने उसकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दिलीप ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही बदमाश अपने वाहनों से नीचे उतर आए।बदमाशों के हाथों में पाइप और लोहे के सरिए थे। उन्होंने दिलीप को घेर लिया और उस पर हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक संभल नहीं पाया। बदमाशों ने उसकी कार के शीशे भी तोड़ दिए और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जान बचाने के लिए कार से उतरकर भागा युवक
हमलावरों से बचने के लिए दिलीप अपनी कार से उतरकर वहां से भागने लगा। लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़कर लाठी, पाइप और लोहे के सरियों से हमला जारी रखा। हमलावरों ने युवक के सिर, हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। मारपीट के कारण दिलीप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।हमले में उसके सिर पर गहरी चोट आई। अस्पताल में उपचार के दौरान सिर में पांच टांके लगाने पड़े। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
गंभीर हालत में हायर सेंटर किया रेफर
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल दिलीप को संभाला और उसे जालोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चा का माहौल रहा। रात के समय मुख्य सड़क के पास इस तरह युवक पर मला होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
हमले के कारणों का पता लगना बाकी
फिलहाल उपलब्ध जानकारी में हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। बदमाशों ने दिलीप को किस कारण निशाना बनाया और हमले में कितने लोग शामिल थे, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है। घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों और हमलावरों की पहचान भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।इस घटना ने जालोर शहर में रात के समय सड़क पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठी और लोहे के सरियों से पीटने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाना पड़ा। घायल दिलीप का आगे उपचार जारी है।
