Jaipur विधानसभा क्षेत्र में इस बार कांग्रेस के रफीक खान और भाजपा के रवि नैयर में मुख्य मुकाबला

जयपुर न्यूज़ डेस्क आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में इस बार कांग्रेस के रफीक खान और भाजपा के रवि नैयर में मुख्य मुकाबला है। रफीक अभी यहां विधायक हैं और अपने पांच साल के कामों को आधार बताते हुए यहां जनता के बीच जा रहे हैं। वहीं रवि नैयर ने अपने अब तक के सामाजिक कार्य को आधार बनाया है। क्षेत्र के मुद्दों और उनकी तैयारी पर उनसे कुछ सवालों के साथ बातचीत।
भाजपा यहां कर रही सिर्फ सांप्रदायिकता की राजनीति : रफीक खान
सवाल : अपनी जीत को लेकर कितना भरोसा है
जवाब : मुझे अपनी जीत पर 100 प्रतिशत भरोसा है। बात भरोसे की नहीं है। पांच वर्ष मैने जनता के बीच रहकर काम किया है। भाजपा मुद्दों के बजाय सांप्रदायिकता की राजनीति कर रही है। बिजली, स्कूल, कॉलेज, तमाम समस्याओं का मदु्दा है। मैने एक लाख लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराया है।
सवाल : आपकी नजर में क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है
जवाब : क्षेत्र की कई कॉलोनियों को इकोलॉजिकल जोन से बाहर निकालना और वन भूमि पर बनी हुई जवाहर नगर कच्ची बस्ती को नियमित कराना है।
सवाल : किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे, कोई पांच मुद्दे
जवाब : हमारा पांच वर्ष का काम ही हमारा आधार है। हमने क्षेत्र में अस्पताल और सड़कों का जाल बिछाया है। हम मुख्यमंत्री के विजन 2030 के सपने को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं और विजन को पूरा करने में आदर्श नगर प्रदेश का सबसे आदर्श विधानसभा क्षेत्र होगा।
सवाल : चुनाव में जीत की आपकी रणनीति क्या है
आज जयपुर शहर में किसी भी विधानसभा में इतने कार्यकर्ता नहीं हैं, जितने मैरे पास हैं। यहां कार्यकर्ता मन से जुड़ा है। यही हमारी जीत का आधार है।
सवाल : जनता आपको ही क्यों चुने
जवाब : दूसरे प्रत्याशी तो यह भी नहीं जानते कि आदर्श नगर के 25 वार्ड कहां-कहां हैं। कितनी पंचायते हैं। हमने पांच वर्ष सक्रिय रहकर काम किया है। यही मुझे चुनने का कारण है।
उम्र : 57
शिक्षा : स्नातक
संपत्ति : 50.62 करोड़
आपराधिक रिकार्ड : 3 मामले
कांग्रेस ने यहां पांच साल तुष्टिकरण के सिवाय कुछ नहीं किया : रवि नैयर
सवाल : अपनी जीत को लेकर कितना भरोसा है
जवाब : कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति मेरी 100 प्रतिशत जीत का आधार है। 30-35 वर्ष तक मैने बिना पद के काम किया है। कांग्रेस विधायक तो सिर्फ विधायकों को जैसलमेर शिफ्ट कराने में ही लगे रहे।
सवाल : आपकी नजर में क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है
जवाब : गोविंद मार्ग आदर्श नगर विधानसभा की लाइफ लाइन है। लेकिन यहां जाम व दुर्घटना के हालात हमेशा रहते हैं। इस मार्ग पर एलिवेटेड रोड बनना चाहिए।
सवाल : किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे
जवाब : जवाहर नगर कच्ची बस्ती का पुर्नवास, आगरा रोड को इकोलोजिकल मार्ग से बाहर निकालने के वादे के साथ जनता के बीच जाएंगे।
सवाल : चुनाव में जीत की आपकी रणनीति क्या है
जवाब : कार्यकर्ता खुद ही जुटे हुए हैं। बूथ वाइज, वार्ड वाइज जीत की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। भाजपा कैडर वाली पार्टी है। सभी कार्यकर्ता जी जान से जुटे हैं। यही हमारी जीत का आधार होगी।
सवाल : जनता आपको ही क्यों चुने
जवाब : जनता ने मैरे 35 वर्ष के सामाजिक कार्य देखे हैं। जयपुर बम ब्लास्ट के पीडि़तों की मदद हो या जयपुर के लोगों के हर सुख दुख में सहभागिता। मैने चिकित्सा, शिक्षा और सर्व समाज की बच्चियों के विवाह करवाए हैं। जिस व्यक्ति ने बिना किसी पद या बिना किसी निर्वाचन के जनता के बीच रहकर लगातार काम किया है। जनता उसे ही चुनेगी।