जयपुर में कारोबारी भाइयों से 3.75 करोड़ के पन्ने ठगे, फुटेज में जाने डेढ़ साल तक दोस्ती कर जीता भरोसा; विदेश में बेचने का दिया था झांसा
जयपुर में कारोबारी भाइयों के साथ 3.75 करोड़ रुपए के पन्ने की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले करीब डेढ़ साल तक दोस्ती कर दोनों भाइयों का विश्वास जीता। इसके बाद विदेश में बड़े ग्राहकों को पन्ने बेचकर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। कारोबारी भाइयों ने भरोसा करके उसे करोड़ों रुपए कीमत के पन्ने दे दिए। आरोपी अप्रैल से सितंबर तक विदेश में पन्ने बेचने और भुगतान आने में देरी होने की बात कहकर उन्हें टालता रहा। सितंबर 2026 में अचानक संपर्क टूटने पर धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ितों ने माणक चौक थाने में नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार के अनुसार, रामगंज के मेहरों का रास्ता निवासी साजिद अहमद और मोहम्मद जाकिर ने शिकायत दर्ज करवाई है। दोनों भाइयों का चांदी की टकसाल क्षेत्र में पन्ने की फिनिशिंग का कारखाना है। उनका आरोप है कि जोधपुर निवासी मोहम्मद यासिन ने योजनाबद्ध तरीके से उनसे दोस्ती की और बाद में करोड़ों रुपए के पन्ने लेकर धोखाधड़ी कर ली।
मेडिकल की पढ़ाई करने की बात कहकर बनाई दोस्ती
शिकायत के मुताबिक, करीब दो साल पहले दोनों भाइयों की मुलाकात मोहम्मद यासिन से हुई थी। वह जयपुर के घाटगेट इलाके में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करने की बात बताता था। पढ़ा-लिखा होने के कारण दोनों भाइयों की उससे बातचीत बढ़ गई और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई।दोस्ती होने के बाद यासिन का कारोबारी भाइयों के कारखाने पर आना-जाना शुरू हो गया। इस दौरान उसने उनका विश्वास हासिल कर लिया। आरोप है कि बाद में उसने विदेश में बड़े ग्राहकों को पन्ने बेचने और अच्छा मुनाफा कमाने का प्रस्ताव रखा। मोटे लाभ की उम्मीद में कारोबारी भाइयों ने उसे पन्ने सौंप दिए।
भुगतान के नाम पर महीनों तक करता रहा टालमटोल
पीड़ित भाइयों के अनुसार, आरोपी ने अप्रैल से सितंबर तक विदेश भेजे गए पन्नों के भुगतान को लेकर लगातार टालमटोल की। वह कभी विदेश से रकम आने में देरी तो कभी भुगतान प्रक्रिया में समय लगने की बात कहता रहा। दोनों भाई उसकी बातों पर भरोसा करते रहे और भुगतान का इंतजार करते रहे।सितंबर 2026 में काफी दिनों तक मोहम्मद यासिन के कारखाने पर नहीं आने पर भाइयों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की। इस दौरान उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। लगातार प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं होने पर उन्हें उसके गायब होने का पता चला।
जोधपुर और जयपुर में भी नहीं मिला आरोपी
आरोपी की तलाश में कारोबारी भाई जोधपुर और जयपुर स्थित उसके बताए गए घरों पर पहुंचे। वहां परिजनों ने पिछले दो साल से उसके उनके पास मिलने आने की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों भाइयों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ।आखिरकार पीड़ितों ने माणक चौक थाने पहुंचकर मोहम्मद यासिन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपी की तलाश और पूरे मामले से जुड़े लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।इस घटना में दोस्ती और विश्वास का फायदा उठाकर करोड़ों रुपए के कीमती रत्न हड़पने का आरोप है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले और पन्नों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
