जयपुर में बेकाबू कार ने धूप सेंक रहे बुजुर्ग को कुचला, फुटेज में देंखे मौत के बाद ठेले को मारी टक्कर; ड्राइवर फरार
जयपुर के जवाहर नगर इलाके में गुरुवार (27 नवंबर) दोपहर तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने घर के बाहर धूप सेंक रहे एक बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे में 66 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला करीब 10 फीट दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन लोगों को इकट्ठा होते देखकर ड्राइवर मौके से कार लेकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान मोहन लाल (66) पुत्र हंसराज निवासी सिंधी कॉलोनी कच्ची बस्ती, जवाहर नगर के रूप में हुई है। जवाहर नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे बुजुर्ग
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर परिजनों ने मोहन लाल को धूप सेंकने के लिए घर के बाहर कुर्सी पर बैठाया था। वह सड़क किनारे घर के बाहर आराम से धूप ले रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 4:30 बजे शांति पथ की तरफ से तेज रफ्तार कार आई।कार की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे कुर्सी पर बैठे मोहन लाल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ठेले को टक्कर मारकर 10 फीट दूर पलटाया
बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका। बेकाबू कार आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़े एक ठेले से जा टकराई। टक्कर लगने से ठेला करीब 10 फीट दूर जाकर पलट गया। अचानक हुए हादसे से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार चालक को पकड़ने के लिए उसका पीछा करने की कोशिश की। लेकिन भीड़ को अपनी तरफ आते देखकर ड्राइवर कार लेकर मौके से फरार हो गया।
SMS अस्पताल में बुजुर्ग ने तोड़ा दम
हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल मोहन लाल को इलाज के लिए सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में उनकी मौत हो गई।जवाहर नगर थाना अधिकारी सरला यादव ने बताया कि मृतक की पहचान मोहन लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
फरार कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद कार चालक के फरार होने को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन तथा उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता है।
