Aapka Rajasthan

जयपुर में मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर युवती को फंसाया, शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपए ऐंठे; मेरठ से आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर युवती को फंसाया, शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपए ऐंठे; मेरठ से आरोपी गिरफ्तार
 
जयपुर में मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर युवती को फंसाया, शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपए ऐंठे; मेरठ से आरोपी गिरफ्तार

जयपुर की एक होटल में दिल्ली की युवती से देहशोषण और 80 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने मैट्रिमोनी ऐप के जरिए युवती से संपर्क किया और खुद को इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी बताकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर युवती से लाखों रुपए ऐंठ लिए। मामले में विधायकपुरी थाना पुलिस ने फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार दोपहर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

मैट्रिमोनी ऐप के जरिए युवती से बढ़ाई नजदीकियां

डीसीपी साउथ राजर्षिराज के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सरस्वती सागर निवासी गंगानगर भावनपुर, मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मामले में 3 सितंबर को पालम विलेज, नई दिल्ली से जीरो नंबर एफआईआर दर्ज होकर जयपुर के विधायकपुरी थाने पहुंची थी।शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी बताया था। उसने शादी का भरोसा दिलाकर युवती को अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

दिल्ली से जयपुर लाकर होटलों में संबंध बनाने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे दिल्ली से जयपुर लेकर आया और यहां अलग-अलग होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में युवती ने शादी का झांसा देकर देहशोषण करने का आरोप लगाया है।आरोप है कि आरोपी ने युवती से करीब 80 लाख रुपए भी ऐंठ लिए। वह कथित तौर पर दिल्ली में फ्लैट खरीदने, रिश्वत देने और नौकरी में परेशानी जैसी अलग-अलग वजहें बताकर उससे पैसे लेता रहा।

मेरठ से गिरफ्तार हुआ आरोपी, तीन दिन के रिमांड पर

मामले में शिकायत मिलने के बाद विधायकपुरी थाना पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार दोपहर पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए तीन दिन का रिमांड मिला।पुलिस अब आरोपी से युवती से लिए गए पैसों, कथित धोखाधड़ी और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।