बांसवाड़ा में शराब के नशे में बेटे ने मां पर लाठी से किया हमला, पैसे नहीं देने पर 60 वर्षीय वृद्धा का हाथ तोड़ा, वीडियो में जाने अस्पताल में इलाज जारी
जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के पाटिया गांव में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई और उनका एक हाथ टूट गया। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। घायल महिला का बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज जारी है।
पैसे नहीं देने पर मां पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पाटिया गांव निवासी बाबरी पत्नी काला से उनके छोटे बेटे राजू ने पैसे मांगे थे। आरोप है कि राजू शराब के नशे में था। मां ने जब पैसे देने से इनकार कर दिया तो वह गुस्से में आ गया और लाठी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमले में बाबरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
पहले आनंदपुरी अस्पताल ले गए परिजन
घटना के बाद परिजन घायल बाबरी को तत्काल आनंदपुरी के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
बड़े बेटे ने बताई घटना की जानकारी
घायल महिला के बड़े बेटे रोहन, निवासी पाटिया, ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसका छोटा भाई राजू शराब के नशे में था। उसने मां से पैसे मांगे थे। पैसे नहीं मिलने पर उसने अचानक लाठी से हमला कर दिया, जिससे मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।घटना के बाद गांव में इस मामले को लेकर चर्चा है। मां पर हमले के बाद आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
