अलवर में पुलिस और बदमाश के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा, बाइक सवार ग्रामीण 100 मीटर तक कार से घिसटा, फुटेज में देंखे आरोपी दबोचा गया
राजस्थान के अलवर जिले में पुलिस और एक आरोपी के बीच ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। सदर थाना पुलिस ने सेल्समैन पर फायरिंग के मामले में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन एक ग्रामीण की बहादुरी और सूझबूझ से वह पकड़ा गया। घटना चिकानी गांव के पास रविवार की बताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस कार्रवाई और ग्रामीण की बहादुरी दिखाई दे रही है।
पुलिस को देखकर तेज भगाने लगा कार
जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई मामले में आरोपी की तलाश के दौरान उसकी कार को रोक लिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को गाड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस की बात नहीं मानी और अचानक कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा।इसके बाद पुलिस ने आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान सड़क पर मौजूद एक ग्रामीण ने आरोपी को भागते देखा और अपनी बाइक कार के आगे लगा दी।
बाइक टकराने के बाद भी नहीं रुका आरोपी
ग्रामीण की बाइक सामने आने के बावजूद आरोपी ने कार नहीं रोकी और बाइक को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए कार का दरवाजा पकड़ लिया।बताया जा रहा है कि ग्रामीण करीब 100 मीटर तक कार के साथ घिसटता रहा, लेकिन उसने आरोपी को पकड़ने का प्रयास नहीं छोड़ा।
ग्रामीण ने मोड़ा स्टेयरिंग, बिगड़ा कार का संतुलन
घटना के दौरान ग्रामीण ने कार का स्टेयरिंग मोड़ने की कोशिश की, जिससे आरोपी की कार का संतुलन बिगड़ गया। मजबूर होकर आरोपी को ब्रेक लगाना पड़ा।इसी मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया।
सेल्समैन फायरिंग मामले में आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर सेल्समैन पर फायरिंग के मामले में अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वीडियो वायरल, ग्रामीण की बहादुरी की चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण की बहादुरी की चर्चा हो रही है। वीडियो में आरोपी के भागने और ग्रामीण के उसे रोकने की कोशिश का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और हथियारों के स्रोत की जांच में जुटी है।
