Aapka Rajasthan

Jaipur ​​​​​​​ गंभीर प्रेस कांफ्रेंस में एक ऐसा वाक्या हुआ कि वहां मौजूद हर किसी की फूट पड़ी हंसी

 
गंभीर प्रेस कांफ्रेंस में एक ऐसा वाक्या हुआ कि वहां मौजूद हर किसी की फूट पड़ी हंसी

जयपुर न्यूज़ डेस्क, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को अपने नाम से डोटासरा शब्द काम में नहीं लेने की नसीहत दी है। खरगे ने डोटासरा से कहा है कि वे उनके नाम को सिर्फ गोविंद सिंह ही रखें, डोटासरा लगाने की ज़रुरत नहीं है।

दरअसल, ये दिलचस्प वाक्या जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तब देखने को मिला जब खरगे अन्य नेताओं के साथ यहां पार्टी का जन घोषणा पत्र लॉन्च कर रहे थे। घोषणा पत्र जारी होने के बाद खरगे जब मीडिया से रु-ब-रु हो रहे थे तब उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं के नाम गिनाने शुरू किए।

सीएम अशोक गहलोत का नाम लेने के बाद जैसे ही खरगे ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का नाम लेना चाहा, वो अटक गए। ''गोविंद सिंह'' बोलने के बाद ''डोटासरा'' शब्द खरगे से बोला नहीं गया। खरगे डोटासरा शब्द को सही से बोलने में दो बार अटके।

इसके बाद खरगे ने प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा की ओर देखा और कहा, 'आपका नाम गोविंद सिंह ही काफी है। डोटासरा बोलना मुश्किल है। आप गोविंद सिंह से ही पहचान रखते हो, फिर ये डोटासरा लगाना ज़रूरी नहीं है।'

फूट पड़ी हर किसी की हंसी
राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रदेश अध्यक्ष का नाम लेने में अटकने का जब वाकया हुआ, तब वहां मौजूद हर किसी की हंसी फूट पड़ी। नेताओं से लेकर पत्रकार तक, हर कोई हंस पड़ा। यहां तक कि खुद खरगे, डोटासरा और सीएम गहलोत भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।