डोनेशिया की करेंसी पर भगवान गणेश, बांग्लादेश के नोट पर कांताजी मंदिर की तस्वीर; बीकानेर मुद्रा महोत्सव में दिखीं अनोखी विदेशी मुद्राएं
बीकानेर में आयोजित मुद्रा महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को दुनिया के अलग-अलग देशों की अनूठी करेंसी आकर्षण का केंद्र रही। यहां प्रदर्शित विदेशी नोटों पर कहीं भगवान गणेश की तस्वीर दिखाई दी तो कहीं ऐतिहासिक मंदिर और महात्मा गांधी के चित्र नजर आए। महोत्सव में मुद्रा संग्रहकर्ताओं ने अपने दुर्लभ संग्रह प्रदर्शित किए। इन नोटों को देखने के लिए लोगों में खास उत्सुकता रही।
महोत्सव में प्रदर्शित करेंसी में इंडोनेशिया का नोट खास चर्चा में रहा। इस नोट पर भगवान गणेश की तस्वीर छपी हुई है। वहीं, बांग्लादेश की करेंसी पर भी भारत और हिंदू संस्कृति से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत की झलक दिखाई दी। बांग्लादेश के 20 टका के नोट पर दिनाजपुर स्थित ऐतिहासिक कांताजी मंदिर के बाहरी हिस्से का चित्र अंकित है।
210 देशों के नोटों का संग्रह, लिम्का वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड में नाम
मुद्रा महोत्सव के आयोजकों में शामिल सुधीर लुणावत ने भी अपना अनूठा संग्रह प्रदर्शित किया। उनके पास दुनिया के 210 देशों के एक-एक नोट का संग्रह है। इतने देशों की करेंसी एकत्र करने की उपलब्धि के लिए उनका नाम लिम्का वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है।सुधीर लुणावत ने अलग-अलग देशों के 25 की कीमत वाले नोट भी एकत्र किए हैं। उनके अनुसार, वर्तमान में दुनिया के 41 देशों में 25 रुपए के नोट प्रचलन में हैं। उनका यह संग्रह मुद्रा प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहा। अलग-अलग देशों के नोटों के रंग, आकार, डिजाइन और उन पर छपी तस्वीरों के माध्यम से लोगों को दुनिया की विविध संस्कृति और इतिहास को करीब से देखने का अवसर मिला।
गांधी की 150वीं जयंती पर जारी हुआ था विशेष नोट
महोत्सव में बांग्लादेश से आए मुद्रा संग्रहकर्ता मोहम्मद इस्लाम ने वहां की करेंसी से जुड़ी रोचक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश के दिनाजपुर में ऐतिहासिक कांताजी मंदिर स्थित है। इस मंदिर के बाहरी हिस्से का चित्र देश के 20 टका के नोट पर छापा गया है।उन्होंने यह भी बताया कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर बांग्लादेश ने 50 टका का विशेष नोट जारी किया था। इस नोट पर महात्मा गांधी की तीन तस्वीरें छपी हैं। विदेशी मुद्रा पर गांधीजी की तस्वीरों को देखकर भी महोत्सव में पहुंचे लोग उत्सुक नजर आए।
विदेशी करेंसी के जरिए इतिहास और संस्कृति की झलक
मुद्रा महोत्सव में प्रदर्शित नोट केवल लेन-देन का माध्यम नहीं रहे, बल्कि उन्होंने अलग-अलग देशों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी सामने रखा। किसी नोट पर धार्मिक स्थल की तस्वीर थी तो किसी पर महापुरुषों को सम्मान दिया गया था। संग्रहकर्ताओं ने अपने वर्षों के प्रयासों से जुटाई गई दुर्लभ मुद्राओं के जरिए लोगों को दुनिया के अलग-अलग देशों की विरासत से परिचित कराया।
सोमवार को महोत्सव का अंतिम दिन होने के कारण विदेशी करेंसी और दुर्लभ नोटों को देखने के लिए लोगों की रुचि बनी रही। बीकानेर में आयोजित इस आयोजन ने मुद्रा संग्रह के शौकीनों के साथ आम लोगों को भी नोटों की दुनिया के अनूठे पहलुओं से रूबरू कराया।
