शादी का कार्ड आया तो APK फाइल खोलने से पहले रहें सावधान, वीडियो में जाने खाली हो सकता है बैंक अकाउंट; राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
शादी के सीजन के बीच ऑनलाइन वेडिंग कार्ड के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर ठग अब व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए शादी का निमंत्रण, होटल वेन्यू की जानकारी या प्री-वेडिंग फोटो-वीडियो देखने के नाम पर लोगों को संदिग्ध APK फाइल और फिशिंग लिंक भेज रहे हैं। इन फाइलों या लिंक पर क्लिक करना लोगों के लिए भारी पड़ सकता है। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम विंग R4C ने इस तरह के साइबर फ्रॉड को लेकर आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाएप पर मिलने वाले अनजान लिंक और APK फाइल को बिना जांचे डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
शादी का कार्ड बताकर भेज रहे संदिग्ध फाइल
राजस्थान पुलिस के मुताबिक साइबर ठग ठगी के लिए लोगों की भावनाओं और शादी के सीजन का फायदा उठा रहे हैं। ठग व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी शादी का निमंत्रण भेज सकते हैं। इसके साथ ही होटल का पता, वेडिंग कार्ड या प्री-वेडिंग फोटो-वीडियो देखने के नाम पर लिंक या फाइल भेजी जा सकती है।कई बार संदेश इस तरह तैयार किया जाता है कि सामने वाला उसे अपने परिचित या किसी रिश्तेदार की शादी से जुड़ा निमंत्रण समझकर तुरंत खोल दे। इसी दौरान साइबर ठग मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने या पीड़ित को फिशिंग वेबसाइट पर ले जाने की कोशिश कर सकते हैं।
APK फाइल डाउनलोड करने से बचें
पुलिस ने लोगों को खासतौर पर APK फाइल को लेकर सावधान किया है। किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। इसी तरह संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर बैंकिंग, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा करने से भी बचना चाहिए।राजस्थान पुलिस की ओर से साइबर अपराधों से बचाव के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
एडीजी साइबर क्राइम ने किया सावधान
एडीजी साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि साइबर ठग व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए फर्जी शादी के निमंत्रण, होटल का पता, वेडिंग कार्ड या प्री-वेडिंग फोटो-वीडियो के नाम पर संदिग्ध फाइल या लिंक भेज सकते हैं। ऐसे किसी भी संदेश को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान फाइल या लिंक को जल्दबाजी में न खोलें। यदि किसी संदेश की सत्यता को लेकर संदेह हो तो संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से संपर्क कर पहले इसकी पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत इसकी शिकायत करें, ताकि रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की कोशिश की जा सके।
