Aapka Rajasthan

IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, वीडियो में जाने 64 विला खरीद मामले में जांच जारी रहेगी

IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, वीडियो में जाने 64 विला खरीद मामले में जांच जारी रहेगी
 
IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, वीडियो में जाने 64 विला खरीद मामले में जांच जारी रहेगी

निजी कंपनी को कथित तौर पर फायदा पहुंचाने और उससे कम कीमत पर 64 विला खरीदने के आरोपों से घिरे आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। शनिवार को उनकी विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। साथ ही हाईकोर्ट को निर्देश दिया कि वह इस मामले की सुनवाई जल्द करे।जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि वह इस मामले में दखल नहीं देगी। शिखर अग्रवाल ने हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। अब उन्हें हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई का इंतजार करना होगा।

हाईकोर्ट ने जांच पर रोक लगाने से किया था इनकार

इस मामले में हाईकोर्ट ने 19 नवंबर को सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को नोटिस जारी किया था। अदालत ने दोनों पक्षों से जवाब मांगा था, लेकिन एसीबी की जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तारीख तय की थी। शिखर अग्रवाल की ओर से इसी फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। उनकी याचिका में जांच की अनुमति दिए जाने और अंतरिम राहत नहीं मिलने का मुद्दा उठाया गया था।

मुकुल रोहतगी ने अधिकारी के पक्ष में रखी दलील

सुप्रीम कोर्ट में शिखर अग्रवाल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने पैरवी की। उन्होंने दलील दी कि इस मामले में याचिकाकर्ता को सुनवाई का मौका दिए बिना ही उनके खिलाफ जांच की अनुमति दे दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि जिस समय यह कार्रवाई हुई, उस समय शिखर अग्रवाल देश में मौजूद नहीं थे।रोहतगी ने अदालत को बताया कि शिखर अग्रवाल एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं और उनका करियर बेदाग रहा है। उन्होंने जिन भी विला की खरीदारी की है, उनकी जानकारी खुद संबंधित स्तर पर दी है। इन संपत्तियों का उल्लेख उनके आयकर रिटर्न में भी किया गया है।

64 विला की खरीद को लेकर लगे हैं आरोप

शिखर अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया और बाद में उसी कंपनी से 64 विला बाजार कीमत से कम दामों पर खरीदे। इसी मामले में एसीबी जांच कर रही है। अधिकारी की ओर से जांच की प्रक्रिया और कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं।सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल याचिका पर राहत देने से इनकार करते हुए हाईकोर्ट को जल्द सुनवाई करने को कहा है। ऐसे में अब 18 दिसंबर को होने वाली हाईकोर्ट की सुनवाई अहम मानी जा रही है। इस दौरान राज्य सरकार और एसीबी की ओर से अपना जवाब पेश किया जाना है।