कौशांबी में भीषण हादसा: LPG टैंकर टोल प्लाजा से टकराया, वीडियो में देंखे जोरदार धमाके के बाद लगी आग; 5 कर्मचारी झुलसे
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 6 बजे एक LPG टैंकर बेकाबू होकर सिहोरी टोल प्लाजा से जा टकराया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। इस हादसे में टोल प्लाजा पर काम कर रहे 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकेंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे के दौरान टैंकर का ड्राइवर और कंडक्टर किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग और धुएं के गुबार इतने ऊंचे उठ रहे थे कि लगभग 2 किलोमीटर दूर से ही लपटें और धुआं साफ दिखाई दे रहा था। हादसे के बाद टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया।झुलसे हुए कर्मचारी सड़क पर दर्द से तड़पते दिखाई दिए, जिन्हें तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
हादसे की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोग मौके पर पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, क्योंकि आग लगातार फैल रही थी। स्थिति को काबू में लाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।यह घटना कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा की है, जो जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर स्थित है। प्रशासन ने इलाके को खाली करा लिया है और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल, आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है कि टैंकर कैसे बेकाबू हुआ और टोल प्लाजा से टकराने की स्थिति कैसे बनी।
