Holi 2025: फूलों से सजी होली की शाम, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री Diya Kumari ने महिलाओं संग खेली फूलों की होली

जयपुर न्यूज़ डेस्क - राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी गुरुवार को राजधानी जयपुर के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में आयोजित 'फूलों वाली होली' कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और होली के इस खास मौके को यादगार बनाया।
फाग गीतों और झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया
कार्यक्रम में फाग और होली के गीतों के साथ ही श्रीकृष्ण-राधा की सुंदर झांकी और नृत्य का आयोजन किया गया। महिलाओं ने उपमुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की तो उपमुख्यमंत्री ने भी सभी पर पुष्प वर्षा कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आईं सैकड़ों महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को होली की ढेरों शुभकामनाएं दीं और उनके साथ होली खेलते हुए हर पल को अपने मोबाइल में कैद किया।
विपक्ष पर निशाना साधा
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि विधानसभा में विपक्ष द्वारा तय किए गए कार्य गलत थे। उन्होंने आईफा से जुड़े तथ्यों की जांच किए बिना ही बयानबाजी की और जो मन में आया, वह कह दिया।
राजस्थान की ब्रांडिंग पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 16 मार्च को आईफा का विश्वभर में प्रसारण किया जाएगा, जिससे राजस्थान को बड़े पैमाने पर ब्रांडिंग का मौका मिलेगा। यह राज्य के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर चर्चा में लाने का बेहतरीन अवसर है। यह कार्यक्रम न केवल होली उत्सव का प्रतीक बना, बल्कि राजस्थान की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।