जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड का खुलासा, फुटेज में देंखे पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाया मर्डर प्लान; चारों आरोपी गिरफ्तार
करधनी थाना इलाके में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए पूरी वारदात की योजना बनाई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू, युवराज चौधरी और जोबनेर निवासी दिनेश चौधरी उर्फ दीनू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि आरोपी करधनी इलाके में ही छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी लोकेशन ट्रेस की और पीछा कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी अनीश गोल्या है। उसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के इरादे से विजय चौधरी की हत्या का प्लान तैयार किया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका तो नहीं थी।मुख्य आरोपी अनीश की शैक्षणिक और नौकरी से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। उसने जयपुर के एक निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई की थी। बताया गया है कि करीब पांच महीने पहले तक वह जयपुर की ही एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहा था।
थाने के पास से पकड़े गए आरोपी, कैंपर गाड़ी जब्त
पुलिस ने चारों आरोपियों को करधनी इलाके से गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। आरोपियों को थाने के पास से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।इस बीच यह भी चर्चा है कि वारदात के बाद आरोपी करधनी स्थित एक मंदिर पहुंचे थे। वहां भगवान के सामने हाथ जोड़ने के बाद थाने जाकर सरेंडर करने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इस दावे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पुलिस ने की तारीफ
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्याकांड के दौरान छत से वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। इतना ही नहीं, उसने बिना किसी जानकारी के भी आरोपियों को वहां से हटाने का प्रयास किया।पुलिस के मुताबिक, घटना का वीडियो जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की पुरानी रंजिश, साजिश और वारदात में शामिल प्रत्येक आरोपी की भूमिका से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
