Aapka Rajasthan

Heavy Rain Alert: CM भजनलाल ने अपने मंत्रियों को दिए सख्त निर्देश, प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तुरंत शुरू करने के आदेश

 
Heavy Rain Alert: CM भजनलाल ने अपने मंत्रियों को दिए सख्त निर्देश, प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तुरंत शुरू करने के आदेश 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राज्य में अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील और त्वरित कदम उठाए हैं। उन्होंने सभी मंत्रियों और विधायकों को 5 से 7 सितंबर तक अपने प्रभार वाले जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक दौरे करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान मंत्रियों को दो दिन अपने प्रभार वाले जिलों में और एक दिन अपने विधानसभा क्षेत्र में बिताकर जनसमस्याओं का समाधान करने और राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस दौरान सभी कलेक्टर, उपखंड अधिकारी और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड में रहेंगे।

5 और 6 सितंबर को होंगे दौरे

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। अतिवृष्टि से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए त्वरित और समन्वित कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने सभी मंत्रियों को 5 और 6 सितंबर को अपने प्रभार वाले जिलों में कलेक्टरों और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए हैं। बता दें, इन बैठकों में राहत और बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और प्रभावित क्षेत्रों में सहायता में तेजी लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँगे। मंत्रियों को अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा, 7 सितंबर को सभी मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं से किया गया यह आह्वान
मुख्यमंत्री ने विधायकों से भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। सभी विधायकों को 5 से 7 सितंबर तक अपने विधानसभा क्षेत्रों का विस्तृत दौरा करने और बारिश से उत्पन्न समस्याओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। विधायकों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करनी होगी। साथ ही, उन्हें अधिकारियों को जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश देने होंगे।

मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन के साथ मिलकर काम करने और प्रभावित लोगों को राहत पहुँचाने में योगदान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह एकता और सेवा का समय है, और सभी को मिलकर राज्य के लोगों की मदद करनी है।