Aapka Rajasthan

जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की, फुटेज में देंखे वारदात के बाद फरार

जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की, फुटेज में देंखे वारदात के बाद फरार
 
जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की, फुटेज में देंखे वारदात के बाद फरार

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करधनी थाना क्षेत्र में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर दी। चारों की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर की गई। वारदात के बाद आरोपी ने खून को कपड़ों से साफ करने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर को सील कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।

एक ही घर में मिले चार शव

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर ए-169 में राहुल झा ने अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों नंदनी, राधिका और गौरी की हत्या कर दी है।पुलिस के मुताबिक, चारों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले हैं। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात से जुड़े अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

दूध लेने के बाद हुआ फरार

जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल झा ने शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया था। इसके बाद वह घर से फरार हो गया।पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात कब हुई और हत्या के बाद आरोपी ने किस रास्ते से भागने की कोशिश की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।

घर में मिले बुजुर्ग पिता

घटना के समय घर में आरोपी के बुजुर्ग पिता मौजूद थे। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। शुरुआती आशंका है कि आरोपी ने रात में सोते समय पत्नी और बेटियों पर हमला किया होगा।हालांकि, हत्या की सही वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक कारणों और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

इलाके में फैली सनसनी

एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी है।एफएसएल टीम ने मौके से खून के निशान, कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।जयपुर जैसे बड़े शहर में एक ही परिवार की चार हत्याओं की इस घटना ने सुरक्षा और पारिवारिक तनाव से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।