Aapka Rajasthan

चूरू में भाषण के दौरान भड़के हनुमान बेनीवाल, वीडियो में जाने शोर से नाराज होकर मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम छोड़कर चले गए

चूरू में भाषण के दौरान भड़के हनुमान बेनीवाल, वीडियो में जाने शोर से नाराज होकर मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम छोड़कर चले गए
 
चूरू में भाषण के दौरान भड़के हनुमान बेनीवाल, वीडियो में जाने शोर से नाराज होकर मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम छोड़कर चले गए

नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात चूरू जिले के छापर कस्बे में आयोजित पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उनके संबोधन के बीच कुछ युवाओं के लगातार शोर-शराबे से माहौल अचानक बदल गया। कई बार समझाने के बावजूद जब शोर नहीं रुका तो बेनीवाल नाराज हो गए, भाषण बीच में ही रोक दिया, मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम छोड़कर रवाना हो गए।

घटना से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ता और लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए। बेनीवाल उस समय मंच से अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान सामने बैठे कुछ युवाओं के लगातार शोर मचाने से उनका संबोधन बाधित होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेनीवाल ने कई बार युवाओं से शांत रहने और भाषण सुनने की अपील की, लेकिन जब स्थिति नहीं बदली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "तुमने नेता देखा है कि नहीं? तुम लोग बावले क्यों हो रहे हो? स्कूल वाले बच्चे कब आगे बढ़ेंगे, यह जानते ही नहीं हो।"

इसके बाद उन्होंने अपना भाषण बीच में ही समाप्त कर दिया और मंच पर रखा माइक फेंकते हुए कार्यक्रम स्थल से निकल गए। उनके अचानक चले जाने के बाद कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह बदल गया और कार्यकर्ताओं में भी चर्चा का विषय बन गया।घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बेनीवाल की नाराजगी और मंच छोड़कर जाने का घटनाक्रम देखा जा सकता है।

हालांकि, इस घटना के बाद आरएलपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे शोर-शराबे के कारण बेनीवाल नाराज हो गए थे।यह घटनाक्रम राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, जबकि वायरल वीडियो को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है।