Aapka Rajasthan

Jaipur गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन

 
Jaipur गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर  सिख धर्म के पहले शहीद और पांचवें गुरु गुरु अर्जुन देव का शहीदी दिवस सोमवार को शहरभर में श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर सभी गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया। रागी जत्थों ने शबद गायन और गुरु कथा का वाचन कर संगत को निहाल किया। शहर की साध संगत ने मत्था टेककर सरबत के भले की अरदास की। इस मौके पर गुरु का अटूट लंगर भी बरता गया। अमीरी—गरीबी के भेद से परे रहकर बड़ी संख्या में संगत ने सेवा कार्य किए।  मानसरोवर, वैशाली नगर, गुरुनानकपुरा, जवाहर नगर, हीदा की मोरी, चांदी की टकसाल व पानीपेच सहित अन्य गुरुद्वारों में नितनेम पाठ हुए। राजापार्क, टोंक रोड, मालवीय नगर, जगतपुरा व सीकर रोड सहित अन्य जगहों पर छबील लगाकर शर्बत और छोले का प्रसाद बांटा गया।

मुख्य दीवान राजापार्क गुरुद्वारे में सजा। हरमंदिर साहिब, अमृतसर से आए सुखजीत सिंह ने ‘तेरा किया मीठा लागे, हर नाम...’ व ‘जप्यो जिन अर्जुन देव गुरु, फिर संकट...’ सहित अन्य शबदों का गायन किया। कथावाचक भाई लवप्रीत सिंह ने गुरु की शहादत व जीवनी पर प्रकाश डाला। सामूहिक स्त्री सत्संग के सदस्यों की ओर से किए जा रहे 40 दिवसीय सुखमनी साहिब के पाठ का भी समापन हुआ। राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, यूथ विंग के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित अन्य ने रागी जत्थों का सम्मान किया। गुरुद्वारा सचिव गुरमीत सिंह, बलजीत सिंह, हरविंदर सिंह एवं रवि भसीन ने बीबी इंद्रजीत कौर, कुलदीप, गुरजीत, मीना, परविंदर, रानी व डॉली कौर को सम्मानित किया गया। छबील लगाकर शर्बत पिलाया गया। उधर, वैशाली नगर गुरुद्वारे में भी कीर्तन दीवान सजाया गया। स्त्री सत्संग की प्रधान बीबी अमृत कौर ने बताया कि दीवान की समाप्ति के बाद लंगर बरता। साथ ही राहगीरों को शर्बत बांटा गया।