Aapka Rajasthan

राजस्थान की बीजेपी सरकार का गोविंद सिंह डोटासरा का हल्लाबोल, जानिए क्या कुछ बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ?

 
राजस्थान की बीजेपी सरकार का गोविंद सिंह डोटासरा का हल्लाबोल, जानिए क्या कुछ बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ?

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आज राजस्थान की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा। गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है।

प्रदेश में अफसरशाही पूरी तरह हावी
डोटासरा ने सोमवार को उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा चुनाव में जारी किए गए संकल्प पत्र पर कोई भी बात करने को तैयार नहीं है, जिसमें उसने जनता से वादे किए और वोट मांगे। डोटासरा ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा सिर्फ भाषण देने में व्यस्त हैं। प्रदेश में अफसरशाही पूरी तरह हावी है।

दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक आधार पर परिसीमन
डोटासरा ने आरोप लगाया कि राज्य में पंचायती राज संस्थाओं का परिसीमन दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक आधार पर किया जा रहा है, जो सही नहीं है और यह संविधान का उल्लंघन है। परिसीमन के लिए गठित उच्च स्तरीय राजनीतिक समिति भी नियमों के अनुसार नहीं है। यह समिति सरकारी अधिकारियों को जयपुर में ओटीसी में बुलाकर बैठक करती है और उन्हें मनमाने ढंग से परिसीमन करने की धमकी देती है।

चुनाव टालना संविधान का उल्लंघन
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर करवाना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा इन चुनावों को टालना संविधान का उल्लंघन है।

सरकार के मंत्री और विधायक बेबुनियाद बयान दे रहे हैं
डोटासरा ने कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार इस हद तक बढ़ रहा है कि सरकार की इसके लिए कोई जवाबदेही नहीं है। सरकार के मंत्री और विधायक बेबुनियाद बयान दे रहे हैं।