ज्वेलरी शॉप से 3.25 लाख कीमत का गोल्ड चोरी, कस्टमर बनकर आया चोर, नजर बचाकर सोने की डिब्बी चुराने का वीडियो आया सामने
राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में एक ज्वेलरी शॉप पर दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में आया और दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 3 लाख 35 हजार रुपये कीमत का सोना चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वेलरी शॉप में ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
यह घटना लता सर्किल स्थित गणपति ज्वेलर्स की है, जिसकी शिकायत शंकर सोनी ने झोटवाड़ा थाने में दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, 10 मई की दोपहर करीब डेढ़ बजे दुकान पर एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर आया था। उसने पहले चांदी का ताबीज दिखाने को कहा और पसंद आने पर 450 रुपये में सौदा तय कर लिया। आरोपी ने 500 रुपये दिए, जिसके बाद दुकानदार ने खुले पैसे लौटाने के लिए बाहर जाने की बात कही।
बातों में उलझाकर की चोरी
इसी दौरान आरोपी ने दुकानदार को बाहर जाने से रोक दिया और सोने के भाव पूछकर बातचीत में उलझा लिया। इसी बीच उसने मौका पाकर काउंटर के नीचे रखी सोने की एक डिब्बी पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बेहद चालाकी से सोने को अपने हाथों में छिपा लिया और बिना किसी शक के दुकान से बाहर निकल गया। उसने जाते समय कहा कि वह बाद में सामान खरीदने वापस आएगा, लेकिन फिर नहीं लौटा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
घटना के बाद जब दुकानदार को संदेह हुआ तो जांच करने पर सोने की डिब्बी गायब मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी की हरकतें साफ नजर आईं। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए फुटेज के आधार पर तलाश की जा रही है।
पुलिस की जांच तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी है और संभवतः वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा हो सकता है। आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
