Aapka Rajasthan

जयपुर में दिनदहाड़े 4 लाख की सोने की चेन झपटी, फुटेज में देंखे बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार

जयपुर में दिनदहाड़े 4 लाख की सोने की चेन झपटी, फुटेज में देंखे बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार
 
जयपुर में दिनदहाड़े 4 लाख की सोने की चेन झपटी, फुटेज में देंखे बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार

राजधानी जयपुर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुहाना थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति के गले से करीब 4 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस के अनुसार, वारदात मुहाना निवासी राजेंद्र मीणा के साथ हुई। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे वह पार्श्वनाथ नारायण सिटी क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे और मौका तलाशने लगे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले राजेंद्र मीणा की रेकी की और फिर वारदात के लिए सुनसान स्थान चुना। जैसे ही पीड़ित उस जगह पर पहुंचे, बाइक उनके पास आकर रुकी। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और दोनों आरोपी तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए।राजेंद्र मीणा ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में तत्काल नाकाबंदी करवाई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने लोगों से भी सुनसान स्थानों पर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।