गहलोत-पायलट की जुगलबंदी ने चौंकाया, वीडियो में बोले- ‘सबके इंचार्ज आप ही हो’; गहलोत ने कहा- ‘हम तो परमानेंट इंचार्ज हैं’
जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में बुधवार को बैठक से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत ने सियासी हलकों का ध्यान खींचा। दोनों नेताओं के बीच मजाकिया अंदाज में हुई बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। इस दौरान सभी नेता हंसते नजर आए। दरअसल, बातचीत के दौरान अशोक गहलोत ने कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और सचिन पायलट से कहा, “पंजाब इंचार्ज, अब बताइए। पहले आपके इंचार्ज ये थे, अब इनके इंचार्ज आप हैं।” इस पर सचिन पायलट ने हंसते हुए जवाब दिया, “सबके इंचार्ज आप ही हो। क्या फर्क पड़ता है? राजस्थान, पंजाब क्या फर्क पड़ता है।”पायलट की इस बात पर गहलोत भी हंस पड़े और उन्होंने कहा, “हम तो परमानेंट इंचार्ज हैं।” इसके बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच ठहाके लग गए।
पंजाब की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं पायलट
सचिन पायलट को सितंबर में कांग्रेस ने पंजाब का AICC प्रभारी बनाया था। पार्टी ने उन्हें भूपेश बघेल की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी थी। वहीं राजस्थान के प्रभारी की जिम्मेदारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के पास है। पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर यह समीकरण भी चर्चा में रहा है कि राजस्थान के नेता को पंजाब की जिम्मेदारी मिली है, जबकि पंजाब के नेता रंधावा राजस्थान के प्रभारी हैं।बुधवार को जयपुर में हुई बैठक के दौरान गहलोत और पायलट के बीच जिस तरह की सहज बातचीत देखने को मिली, उसने दोनों नेताओं के बीच रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर हवा दे दी।
पहले खींचतान को लेकर होती थी चर्चा
राजस्थान कांग्रेस में गहलोत और पायलट के बीच लंबे समय तक राजनीतिक मतभेद चर्चा का विषय रहे हैं। 2020 में पायलट खेमे की बगावत के बाद दोनों नेताओं के बीच तनाव खुलकर सामने आया था। बाद के वर्षों में भी दोनों नेताओं के बयानों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि, हाल के दिनों में पार्टी के मंचों पर दोनों नेताओं की साथ मौजूदगी और सार्वजनिक तौर पर दिखाई दे रही गर्मजोशी पर भी ध्यान गया है। बुधवार की बैठक में गहलोत, पायलट, डोटासरा और रंधावा समेत कई वरिष्ठ नेता एक साथ नजर आए। कांग्रेस ने इसे आगामी पंचायत चुनावों से पहले संगठन को एकजुट करने की कोशिश के तौर पर पेश किया।
गहलोत बोले- ‘आज आपने देख ली कांग्रेस की एकता’
बैठक के बाद अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस में एकता को लेकर पूछे जाने वाले सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मीडिया हमेशा पूछता है कि कांग्रेस में एकता नहीं है, लेकिन आज सबने देख लिया कि पार्टी में एकता है और सभी नेता एकजुट हैं।गहलोत ने दावा किया कि अगली बार राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी और कोई उसे रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शायद उनसे यह सवाल नहीं पूछा जाएगा कि कांग्रेस में एकता नहीं है।
बुधवार की बैठक और गहलोत-पायलट की बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब राजस्थान कांग्रेस आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटी है। ऐसे में दोनों नेताओं की सार्वजनिक तौर पर दिखाई दी यह सहजता पार्टी के संगठनात्मक समीकरणों के लिहाज से भी चर्चा का विषय बन गई है।
