राजस्थान में नाबालिग प्रेग्नेंट लड़की से गैंगरेप, जंगल में हुई डिलीवरी; बच्चे की मौत
राजस्थान के दौसा में शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक प्रेग्नेंट नाबालिग लड़की के साथ सूनसान इलाके में गैंगरेप हुआ है। गैंगरेप के बाद ही नाबालिग लड़की को प्रसव पीड़ा हुई और उसने वहीं एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे ने जन्म के थोड़ी देर में ही दम तोड़ दिया। नाबालिग लड़की के प्रसव की जानकारी पुलिस को दी गई तो मामला खुल गया। पूछताछ में लड़की ने बताया कि कुछ लोग उसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास सूनसान इलाके में ले गए थे, जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया। इसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा हुई और बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंची और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
अस्पताल में भर्ती है पीड़िता
इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 16 साल की पीड़िता गर्भवती पाई गई और बाद में उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जो जीवित नहीं बच सका। दौसा के पुलिस अधीक्षक कुंदन कांवरिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और वह अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति स्थिर बताई है।
क्या बोली पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला है जो नाबालिग के बयान से अलग हो। उन्होंने कहा कि यह भी पता चला है कि उसका एक पुरुष मित्र उसे मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर आया था। उन्होंने कहा कि मामले में नामजद एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गैंगरेप के बाद दिया बच्चे को जन्म
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, कुछ युवक उसका अपहरण कर उसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक सुनसान इलाके में ले गये और वहां उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान उसे तेज प्रसव पीड़ा हुई और उसने वहीं बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद पीड़िता अस्पताल पहुंची, जहां नवजात को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मामला सामने आया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है
