जयपुर में दिनदहाड़े घर में घुसी गैंग, लाखों के गहने और नकदी उड़ाई; फुटेज में देंखे 900 किमी दूर वाराणसी से दूसरा आरोपी गिरफ्तार
जयपुर के आमेर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी वासम उर्फ वसीम और शमशेर अली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 18 अगस्त को दिनदहाड़े एक मकान में घुसकर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
चार बदमाशों ने घर में घुसकर की चोरी
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के मुताबिक, आमेर थाना क्षेत्र में 18 अगस्त को पहर करीब 2 बजे चार बदमाश एक मकान में घुसे थे। उस समय घर में मौजूद लोगों को भनक लगे बिना आरोपियों ने कमरों की तलाशी ली और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश घर से करीब 300 ग्राम सोने की चूड़ियां, 300 ग्राम अन्य सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी की पायल, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी के सिक्के और अन्य जेवर चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 20 हजार रुपये नकद भी चोरी किए गए।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आमेर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
21 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा
पीड़ित की शिकायत पर आमेर थाने में 21 अगस्त को मामला दर्ज किया गया। चोरी की बड़ी वारदात को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया।पुलिस ने निगरानी और तकनीकी जांच के जरिए पहले आरोपी वासम उर्फ वसीम तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में साथी का नाम बताया
पुलिस पूछताछ में वसीम ने वारदात में अपने साथी शमशेर अली के शामिल होने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने शमशेर की तलाश शुरू की। जांच में उसके उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली।इसके बाद आमेर थाना पुलिस की टीम करीब 900 किलोमीटर का सफर तय कर वाराणसी पहुंची। वहां कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शमशेर अली को भी गिरफ्तार कर लिया।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए गहनों व नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने जयपुर में इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी का माल कहां खपाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।आमेर थाना पुलिस की इस कार्रवाई में खास बात यह रही कि जयपुर में वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को करीब 900 किलोमीटर दूर वाराणसी जाकर गिरफ्तार किया गया। इससे पुलिस को मामले में आगे की जांच के लिए अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
