दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट में हवा में उड़ाया गया फ्यूल! बड़ा हादसा टला, जयपुर के यात्री ने सुनाई रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती
जयपुर के एक यात्री ने बताया कि हवा में ही उड़ा दिया गया ईंधन
फ्लाइट में सवार जयपुर निवासी आलोक शर्मा ने बताया कि बोइंग ड्रीमलाइनर की इस फ्लाइट को रविवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली से लंदन के लिए रवाना होना था। लेकिन यह करीब 45 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी। उड़ान के करीब पांच घंटे बाद पायलट को इंजन में ईंधन लीक होने का सिग्नल मिला। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला किया। पायलट ने सबसे पहले विमान में भरे ईंधन को हवा में उड़ा दिया, ताकि लैंडिंग के समय विस्फोट का खतरा न रहे। इसके बाद विमान को इस्तांबुल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। इस्तांबुल में भी यात्रियों को करीब छह घंटे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। एयरलाइन ने लंदन से एक और फ्लाइट भेजी, जिसमें यात्रियों को आगे भेजा गया। इस पूरी प्रक्रिया में यात्रियों को करीब 12 घंटे तक अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरलाइन ने जारी किया बयान
घटना के बाद एयरलाइन की ओर से आधिकारिक बयान भी जारी किया गया है। इसमें यात्रियों को घटना की जानकारी दी गई और खेद भी जताया गया। उधर, इस घटना के बाद यात्रियों ने फ्लाइट की तकनीकी खामियों पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट में करीब 200 यात्री सवार थे।
