जयपुर के एक लग्जरी इलाके में हुआ अनैतिक कारोबार का खुलासा, उज्बेकिस्तान की युवतियों सहित 4 लोग गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर के वैशाली नगर स्थित श्री साईं अपार्टमेंट में चल रही अनैतिक गतिविधियों का पर्दाफाश हुआ है। स्थानीय लोगों की सजगता और हिम्मत के चलते पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में उज्बेकिस्तान की दो युवतियां और दो लड़के शामिल हैं। चित्रकूट थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया और अब चारों से पूछताछ जारी है।
लंबे समय से चल रहा था धंधा
श्री साईं अपार्टमेंट में 16 फ्लैट हैं, जो किराए पर दिए गए हैं। लंबे समय से स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि इन फ्लैटों में दिन-रात संदिग्ध लोग आते-जाते रहते हैं।इससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था। विनोबा भावे नगर समिति ने इस मुद्दे पर बैठक की और तय किया कि अब खुद ही कार्रवाई करनी होगी। समिति ने दिन में अपार्टमेंट में छापा मारा और चार लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
भागने का प्रयास विफल
छापेमारी के दौरान एक युवक बालकनी से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सतर्क लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने कई बार मकान मालिक, पुलिस कमिश्नर और थाने में शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तो समिति ने खुद कार्रवाई की।
पहले भी हो चुके हैं गंभीर अपराध
यह पहली बार नहीं है जब यह अपार्टमेंट चर्चा में आया है। सितंबर 2023 में नाहरगढ़ पहाड़ी पर एक सूटकेस में युवती का शव मिला था। जांच में पता चला कि इसी अपार्टमेंट में उसकी हत्या की गई थी। युवती को अनैतिक गतिविधियों के लिए दिल्ली से लाया गया था। इसके अलावा हाल ही में एक पत्रकार पर हमला करने वाले भी इसी अपार्टमेंट में रहते थे।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने गंभीर मामलों के बावजूद पुलिस ने कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की। लोगों की मांग है कि अपार्टमेंट में चल रहे इस धंधे को पूरी तरह से बंद किया जाए। पुलिस ने फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है।
