Aapka Rajasthan

पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी का भाजपा विधायकों पर तगडा हमला, सरकार के खिलाफ भी विवादित बयान का सामने आया वीडियो

पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी का भाजपा विधायकों पर तगडा हमला, सरकार के खिलाफ भी विवादित बयान का सामने आया वीडियो
 
पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी का भाजपा विधायकों पर तगडा हमला, सरकार के खिलाफ भी विवादित बयान का सामने आया वीडियो

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को लेकर राजस्थान की राजनीति में बयानबाज़ी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे वरिष्ठ नेता हेमाराम चौधरी ने इस मुद्दे पर भाजपा विधायकों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के विधायक आज विपक्ष से भी ज्यादा कमजोर स्थिति में हैं।

हेमाराम चौधरी ने कहा, "भाजपा के विधायक न तो जनता के बीच जा पा रहे हैं और न ही उनकी खुद की कोई सुनवाई हो रही है। वे खुद डरे हुए हैं कि अगर किसी मुद्दे पर सरकार के खिलाफ बोले तो उनका भी हाल उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जैसा हो सकता है।"

विधायकों के भीतर डर का माहौल: चौधरी

पूर्व मंत्री ने दावा किया कि राज्य में भाजपा संगठन और सरकार के बीच सामंजस्य की कमी है और इसका खामियाजा सबसे ज्यादा भाजपा विधायकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि "विधायक अपनी बात रखने से कतरा रहे हैं। पार्टी के भीतर लोकतंत्र खत्म हो गया है और सिर्फ एकतरफा आदेश चल रहा है।"

धनखड़ के इस्तीफे को बताया राजनीतिक संकेत

हेमाराम चौधरी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को एक राजनीतिक संदेश करार दिया और कहा कि "धनखड़ जैसे कद्दावर और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के इस्तीफे की असली वजह जनता से छिपाई जा रही है। स्वास्थ्य कारणों की आड़ में बहुत कुछ दबाया जा रहा है।"

भाजपा पर लगाया लोकतंत्र खत्म करने का आरोप

चौधरी ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि "जो भी सरकार की लाइन से अलग बोलता है, उसे दरकिनार कर दिया जाता है। यही डर अब पार्टी के विधायकों में घर कर गया है। न वो जनता की बात उठा पा रहे हैं, न विधानसभा में खुलकर बोल पा रहे हैं।"

भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतजार

हेमाराम चौधरी के इस बयान पर अभी तक भाजपा की कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि भाजपा इस पर तीखा पलटवार कर सकती है।