Aapka Rajasthan

जयपुर में मिठाई की दुकानों पर फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी, वीडियो में देंखे 125 किलो खराब मिठाई और 20 किलो पनीर नष्ट

जयपुर में मिठाई की दुकानों पर फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी, वीडियो में देंखे 125 किलो खराब मिठाई और 20 किलो पनीर नष्ट
 
जयपुर में मिठाई की दुकानों पर फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी, वीडियो में देंखे 125 किलो खराब मिठाई और 20 किलो पनीर नष्ट

राखी के त्योहार को देखते हुए जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को जयपुर सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने मानसरोवर इलाके में दो स्वीट्स की दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में खराब मिठाई और घटिया गुणवत्ता का पनीर मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही 125 किलो खराब मिठाई और 20 किलो पनीर नष्ट करवा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान दुकानों में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और स्वच्छता मानकों की भी जांच की। अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

डी.जे. पनीर उद्योग पर पहुंची टीम

सीएमएचओ जयपुर (सेकेंड) मनीष मित्तल ने बताया कि फूड सेफ्टी टीम ने सबसे पहले मानसरोवर स्थित मैसर्स डी.जे. पनीर उद्योग का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि दुकान संचालक खैरथल और अलवर से मिल्क केक मंगवाकर आगे मिठाई की दुकानों पर सप्लाई करता था।दुकान के प्रोपराइटर ने टीम को बताया कि मिल्क पाउडर, लिक्विड ग्लूकोज समेत अन्य सामग्री से तैयार मिल्क केक करीब 250 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जाता है और इसके बाद बाजार में सप्लाई किया जाता है।

50 किलो मिल्क केक सीज

जांच के दौरान टीम ने मिल्क केक के सैंपल लिए। साथ ही मौके पर रखे करीब 50 किलो मिल्क केक के स्टॉक को जांच रिपोर्ट आने तक सीज करवा दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।इसी दौरान टीम को डी.जे. पनीर उद्योग में घटिया गुणवत्ता का पनीर भी मिला। अधिकारियों ने पनीर की गुणवत्ता को मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। कुल मिलाकर करीब 20 किलो पनीर नष्ट कराया गया।

त्योहार को देखते हुए बढ़ाई निगरानी

राखी के त्योहार के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिठाई की दुकानों, डेयरी और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विभाग का उद्देश्य मिलावटी, खराब और अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है।अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी जांच कराई जा रही है।फूड सेफ्टी टीम की इस कार्रवाई के बाद मिठाई और डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभाग की ओर से आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।