जयपुर में Zepto के डार्क स्टोर पर फूड सेफ्टी की कार्रवाई, वीडियो में जाने 1,550 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट समेत 157 किलो खाद्य सामग्री नष्ट
जयपुर के जगतपुरा स्थित Zepto के डार्क स्टोर पर गुरुवार को फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर में रखे डेयरी प्रोडक्ट्स के स्टोरेज को लेकर निर्धारित तापमान मानकों का पालन नहीं मिला। इसके बाद टीम ने बड़ी मात्रा में डेयरी समेत अन्य खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया।
कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर की जांच में सामने आई कमी
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने गुरुवार को जगतपुरा स्थित डार्क स्टोर का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, स्टोर में डेयरी प्रोडक्ट्स को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर का तापमान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए डेयरी प्रोडक्ट्स को निर्धारित तापमान पर स्टोर करना जरूरी होता है। तापमान मानकों में गड़बड़ी होने पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका रहती है।
1,550 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट नष्ट
जांच के दौरान टीम ने कुल 1,550 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट्स को मौके पर नष्ट करवाया। इसके अलावा करीब 100 किलोग्राम अन्य खाद्य प्रोडक्ट्स भी नष्ट करवाए गए।कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम को करीब 7 किलोग्राम एक्सपायर फूड प्रोडक्ट्स भी मिले, जिन्हें अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इस तरह कार्रवाई के दौरान कुल करीब 157 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसमें बड़ी संख्या में पैक्ड डेयरी प्रोडक्ट शामिल हैं, नष्ट करवाई गई।
खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की इस कार्रवाई के बाद क्विक कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स में खाद्य पदार्थों के स्टोरेज और एक्सपायरी डेटको लेकर सवाल उठ रहे हैं। डार्क स्टोर में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री सीमित जगह में स्टोर की जाती है और यहां से ऑर्डर मिलने के बाद कुछ ही समय में ग्राहकों तक सामान पहुंचाया जाता है।ऐसे में डेयरी, फ्रोजन और अन्य जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों के लिए सही तापमान बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। साथ ही एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को स्टॉक से समय पर हटाना भी जरूरी है।सेंट्रल टीम की कार्रवाई में सामने आई कमियों के बाद विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया गया है। खास तौर पर उन स्टोर्स की निगरानी महत्वपूर्ण हो जाती है, जहां रोजाना बड़ी मात्रा में दूध, दही, पनीर और अन्य खाद्य सामग्री का भंडारण और वितरण होता है।
