जयपुर में फूड डिलीवरी बॉय से लूट, कस्टमर बनकर बुलाया सुनसान जगह, वीडियो में देखें मारपीट कर बाइक, मोबाइल और कैश लूटकर फरार
राजधानी जयपुर में देर रात काम करने वाले फूड डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कस्टमर बनकर फर्जी ऑर्डर बुक किया और डिलीवरी बॉय को सुनसान इलाके में बुलाकर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की। आरोपियों ने पीड़ित की बाइक, मोबाइल फोन और नकदी छीनकर फरार हो गए।
मामला पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। पीड़ित डिलीवरी बॉय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, करणी विहार के गजसिंहपुरा निवासी लोकेश मीणा (26) एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम करते हैं। 29 जनवरी की सुबह करीब 3 बजे उनके पास डिलीवरी का ऑर्डर आया। रात का समय होने के बावजूद वह ऑर्डर लेकर मांग्यावास के शिव विहार से खाना उठाकर पत्रकार कॉलोनी के कासलीवाल रोड पर डिलीवरी देने पहुंचे।
डिलीवरी पूरी कर जैसे ही वह वहां से निकलने लगे, तभी एक युवक उनके पास आया। उसने अचानक बाइक की चाबी निकाल ली और सीट पर बंधा बैग दूर फेंक दिया। इससे पहले कि लोकेश कुछ समझ पाते, उसका एक और साथी हाथ में डंडा लेकर वहां पहुंच गया।
दोनों बदमाशों ने उसे घेर लिया और मारपीट की धमकी देकर उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन और करीब 1500 रुपए नकद छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसे बाइक पर बैठाया और कुछ दूरी तक ले गए। जब उन्हें ज्यादा पैसे नहीं मिले तो वे गुस्से में आ गए और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
मारपीट के दौरान मौका पाकर लोकेश वहां से भाग निकला, लेकिन बदमाश उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में उसने किसी तरह मदद ली और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना ने देर रात डिलीवरी करने वाले युवाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अक्सर डिलीवरी बॉय सुनसान इलाकों में ऑर्डर देने जाते हैं, जिससे वे अपराधियों के आसान निशाने बन जाते हैं। पुलिस ने ऐसे कर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध लोकेशन पर जाने से पहले कंपनी और स्थानीय पुलिस को जानकारी देने की सलाह दी है।
