हज के लिए जयपुर एयरपोर्ट से पहली उड़ान आज, 164 जायरीन होंगे रवाना

राजस्थान से हज यात्रा-2025 आज (1 मई) शाम से शुरू हो रही है। पहली हज उड़ान आज शाम 6:10 बजे जयपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 164 हज यात्रियों को लेकर सऊदी अरब के लिए रवाना होगी। यह विमान जेद्दाह होते हुए मदीना पहुंचेगा। हज समिति ने यात्रियों को उड़ान के समय से कम से कम 4 घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचने का सख्त निर्देश दिया है। ताकि दस्तावेज़ सत्यापन और आव्रजन औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
हज यात्रियों के लिए हवाई अड्डे पर विशेष काउंटर
हज कमेटी के अनुसार 1 मई से 8 मई के बीच राजस्थान से हज यात्रियों को लेकर कुल 17 उड़ानें रवाना होंगी। विभिन्न जिलों से हज यात्रियों को रोजाना एक या दो उड़ानों से भेजा जाएगा। हवाई अड्डे पर हज यात्रियों के लिए विशेष काउंटर, चिकित्सा सुविधाएं और सहायता केंद्र की व्यवस्था की गई है।
देशभर से एक लाख से अधिक लोग हज पर जाएंगे
हाल ही में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने हज यात्रा के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने मक्का-मदीना की तीर्थयात्रा पर जाने वाले सभी 1 लाख 22 हजार 518 तीर्थयात्रियों को बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा, "इस वर्ष की हज यात्रा शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सभी के लिए सुचारू और निर्बाध हज यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षित, धन्य और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध हज यात्रा के लिए प्रार्थना करता हूं।"